भोपाल।
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस इंदौर से जन अधिकार न्याय यात्रा की शुरूआत करने जा रही है. यात्रा की शुरूआत 28 जनवरी से होने जा रही है. युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी जानकारी दी है. इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा में जहरीले पानी से हुई मौतें हत्या जैसी हैं. प्रदेश सरकार अब इस पूरे मामले की सच्चाई और मौतों के आंकडे छुपाने में जुटी है.
जन अधिकार न्याय यात्रा की इंदौर से शुरुआत
युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया ने कहा कि "इंदौर की घटना के बाद युवा कांग्रेस ने 2 जनवरी को इंदौर नगर निगम का घेराव किया था लेकिन इसके बाद भी राज्य शासन ने ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए. इसी का नतीजा है कि इंदौर के बाद महू में भी दूषित पानी से दर्जनों लोगों को हॉस्पिटल में एडमिट कराना पड़ा, जबकि एक व्यक्ति की मौत हो गई.
यश घनघोरिया ने कहा कि "युवा कांग्रेस 28 जनवरी से इंदौर जिले में प्रदेश व्यापी जन अधिकार न्याय पद यात्रा की शुरूआत करने जा रहा है. माता अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद इंदौर के 9 विधानसभा क्षेत्रों से इसकी शुरुआत होगी. इस यात्रा में प्रदेश भर से युवा कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे. इसके अलावा प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर का कांग्रेस नेतृत्व भी शामिल होगा. यह यात्रा 5 फरवरी तक चलेगी."
'इंदौर के बाद प्रदेश भर में निकलेगी न्याय पद यात्रा'
यश घनघोरिया ने बताया कि "युवा कांग्रेस इंदौर जिले के बाद सभी जिलों में इस तरह की न्याय यात्रा निकालेगी. इन यात्राओं के दौरान स्थानीय समस्याओं को उठाया जाएगा. प्रदेश के कई जिलों में लोग गंदा पानी पीने को मजबूर हैं और सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है."
पीड़ित परिवारों को 1 करोड़ देने की मांग
यश घनघोरिया ने बताया कि "युवा कांग्रेस ने मांग की है कि राज्य सरकार को इंदौर में जहरीले पानी से हुई लोगों की मौत के मामले में पीड़ित परिवारों को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी जाए. इस पूरे मामले की हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की निगरानी में निष्पक्ष जांच कराई जाए. जनता की भावनाओं को आहत करने वाले बीजेपी के सीनियर मंत्री और महापौर से इस्तीफा लिया जाना चाहिए."