भोपाल। 
कथावाचक पंडित धीरेन्द्र शास्त्री के बयानों को लेकर भोपाल पुलिस कमिश्नर से शिकायत कर एफआईआर दर्ज करने दलित पिछड़ा समाज संगठन ने आवेदन दिया है। दलित पिछड़ा समाज संगठन (DPSS) ने कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री के विरुद्ध गंभीर, समाज और मानव जीवन के लिए घातक अपराधों के संबंध में FIR दर्ज किए जाने की मांग की है। संगठन ने इस संबंध में मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) और भोपाल पुलिस कमिश्नर को अलग-अलग लिखित शिकायतें सौंपी हैं। DPSS ने अपने आवेदन में कहा है कि स्थानीय स्तर पर शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 173(4) के अंतर्गत यह शिकायत की गई हैं। धीरेन्द्र शास्त्री पर एफआईआर दर्ज की जाए।
दामोदर यादव बोले: धीरेन्द्र शास्त्री पर एफआईआर हो
दलित पिछड़ा समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भीम आर्मी के राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा- हमारे कार्यकर्ताओं ने डीजीपी और पुलिस कमिश्नर को प्रमाण के साथ धीरेन्द्र शास्त्री की शिकायत की है। क्यू आर कोड के रुप में वो वीडियो सबूत के तौर पर दिए हैं जो उनके चैनल्स पर डले हुए हैं।
अंधविश्वास फैला कर मेडिकल साइंस से लोगों को दूर कर रहे शास्त्री
दामोदर यादव ने कहा- हमने यह मांग की है कि धीरेन्द्र शास्त्री सांप्रदायिकता, छुआछूत और अंधविश्वास फैला कर लोगों को मेडिकल साइंस से दूर कर रहे हैं इससे लोगों की जान जा रही है। ये धारा 196-197, 202-272 सहित तमाम धाराओं में के तहत अपराध है। उनके खिलाफ कार्रवाई और एफआईआर होनी चाहिए। पुलिस अधिकारियों ने हमें आश्वासन दिया है कि इसकी जांच करके दो दिन में कार्रवाई करेंगे। अन्यथा हम हाईकोर्ट जबलपुर के जरिए धीरेन्द्र शास्त्री के खिलाफ कार्रवाई कराने का काम करेंगे।