भोपाल। 
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान की सुरक्षा बढ़ाई गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिले इनपुट के बाद शुक्रवार देर रात भोपाल और दिल्ली-दोनों जगह उनकी सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया गया। भोपाल में 74 बंगला स्थित बी-8 आवास के चारों तरफ पुलिस ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग की। वहीं दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई है। शिवराज पर पाकिस्तान के की खुफिया एजेंसी ISI की ओर से दिलचस्पी दिखाने की जानकारी मिली है।
ISI के शिवराज के बारे में जानकारी जुटाने की खबर- MHA
सुरक्षा बढ़ाने को लेकर जारी गृह मंत्रालय के पत्र के मुताबिक केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बारे में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई ने जानकारी हासिल करने में दिलचस्पी दिखाई है। केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी की सलाह से केंद्रीय मंत्री की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई है। पत्र में कहा गया है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अपनी सुरक्षा व्यवस्था को उचित रूप से समायोजित करें।
जेड प्लस मिलने के बाद भी अतिरिक्त सुरक्षा
शिवराज सिंह चौहान पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा में हैं। इसके बावजूद गृह मंत्रालय को नए इनपुट मिलने के बाद केंद्र ने एमपी डीजीपी, दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (सुरक्षा) और एमपी के मुख्य सचिव को सुरक्षा पुख्ता करने का निर्देश भेजा है।