भोपाल ।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 21 नवंबर को फेड एक्सपो-2025 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का आयोजन गोविंदपुरा स्थित जीआईए एग्जीबिशन सेंटर में किया गया। उन्होंने यहां प्रदर्शित प्रदर्शनी में विभिन्न उद्योगों के उत्पादों का अवलोकन भी किया। इसके अलावा उन्होंने राज कपूर की फिल्म का गाना 'मेरा जूता है जापानी' भी गुनगुनाया। इस मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत दुनिया में अपनी विशेष पहचान बना रहा है। प्रदेश में औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए उद्योगपतियों और निवेशकों को 5000 एकड़ जमीन दी गई है। यह एक प्रकार से उद्योगपतियों को मध्यप्रदेश आने का निमंत्रण है। हमारी भूमि पर उद्योग चुंबक की तरह खिंचे चले आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम उद्योगपतियों से किए सभी वादों को प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकारें तो 5 साल के लिए होती हैं, फिर चुनाव होते हैं और फिर नई सरकार बनती है। लेकिन, उद्योगपति-निवेशक सरकार के भरोसे ही आते हैं। इसलिए राज्य सरकार को उद्योगों के विकास के लिए आगामी 25 साल तक प्रतिबद्ध होना चाहिए। इसमें कोई संकोच नहीं है कि विकास के लिए अर्थ की आवश्यकता होती है। इसका प्रमुख स्रोत उद्योग हैं। ऐसे में राज्य सरकार का दायित्व उन्हें प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि पिछले 4 दशकों में व्यापार-व्यवसाय की संभावनाओं को देखा जाए तो इसमें  मध्यप्रदेश फेडरेशन ऑफ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (MPFACCI) की भूमिका अहम रही है।
जमीनी स्तर पर शुरू हो चुका काम
प्रदेश के मुखिया डॉ. मोहन ने बताया कि प्रदेश में व्यापार-व्यवसाय को बढ़ावा देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। 22 नवंबर को हैदराबाद में राज्य सरकार की ओर से निवेशकों के लिए रोड शो आयोजित किया जा रहा है। यह सरकार के लिए उद्योग-रोजगार वर्ष है। जीआईएस और इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के माध्यम से अब तक 8 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इनमें से 6 लाख करोड़ के उद्योगों के लिए जमीनी स्तर पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि भविष्य में 2 लाख करोड़ के निवेश को गति देने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री को आमंत्रण दिया है, जिनकी उपस्थिति में इनका शुभारंभ करेंगे।