भोपाल । 
भोपाल में करणी सेना अपनी 15 मांगों को लेकर खुशीलाल ग्राउंड में विशाल क्षत्रिय क्रांति सम्मेलन का आयोजन कर रही है। सम्मेलन में करणी सेना परिवार से जुड़े हजारों लोग शामिल हुए। करणी सेना पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया था कि उनकी मांगों को सुनने के लिए दोपहर 2 बजे तक सीएम ऑफिस से कोई अधिकारी पहुंचे। लेकिन शाम 3 बजे तक कोई अधिकारी नहीं आने पर कार्यकर्ताओं ने सीएम हाउस की ओर कूच कर दिया।
रास्ते में भारी पुलिस बल तैनात
सम्मेलन के दौरान संभावित विवाद को देखते हुए पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था की है। जैसे ही करणी सेना के कार्यकर्ता मैदान से सीएम हाउस की ओर बढ़े, पुलिस ने उन्हें कुछ दूरी पर ही रोक लिया। इसके बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने लगे। उनकी मांग है कि ज्ञापन वे पुलिस को नहीं, बल्कि सीएम ऑफिस के किसी अधिकारी को ही सौंपेंगे।
करणी सेना प्रदेश अध्यक्ष बोले- भोपाल को नेपाल बना देंगे
करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष इंदल सिंह राणा ने कहा- हमने सीएम ऑफिस को दोपहर 2 बजे तक किसी अधिकारी को भेजने का अल्टीमेटम दिया था, नहीं तो हम सीएम हाउस कूच करेंगे। उसी क्रम में हम अब ज्ञापन देने सीएम हाउस की ओर जा रहे हैं। यह आंदोलन का अंत नहीं, बल्कि शुरुआत है। हमारी मांग है कि हरदा प्रकरण में कलेक्टर और एसपी को निलंबित किया जाए। अभी यह हमारी विनम्र अपील है, आगे देखिएगा हमें भोपाल को नेपाल बनाने में देर नहीं लगेगी। बता दें, प्रदेश में क्षत्रिय समाज अब आर-पार की रणनीति पर उतर आया है। समाज की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर ये आयोजन कर रहा है। इस सम्मेलन में प्रदेशभर से हजारों प्रतिनिधियों और समाजजन पहुंचे हैं।