भोपाल में घर से छप रहे थे नकली नोट:आरोपी बोला- प्रिंटिंग प्रेस में काम का अनुभव है; 2.25 लाख के जाली नोट मिले
भोपाल।
भोपाल पुलिस ने घर में नकली नोट छापने वाले युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से 2.25 लाख रुपए कीमत के जाली नोट और नोट बनाने के सामान मिले हैं। युवक प्रिंटिंग प्रेस में काम कर चुका है और उसी अनुभव का इस्तेमाल कर घर में नोट छाप रहा था। पुलिस यह जांच कर रही है कि वह कब से नकली नोट तैयार कर रहा था और किन लोगों तक पहुंचा चुका है।
पिपलानी थाने के सब इंस्पेक्टर आनंद सिंह परिहार के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब 4 बजे सूचना मिली कि शांति नगर झुग्गी बस्ती के पास एक युवक नकली नोट चलाने की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से 500 रुपए के 23 नकली नोट बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम विवेक यादव (निवासी मुरली नगर, करोंद) बताया।
घर में छाप रहा था नकली नोट
पुलिस पूछताछ में विवेक ने बताया कि वह अपने ही घर में कम्प्यूटर और प्रिंटर की मदद से नकली नोट छाप रहा था। वह प्रिंटिंग प्रेस में काम कर चुका है, इसलिए उसे डिजाइनिंग और प्रिंटिंग का अनुभव है। इसका इस्तेमाल जाली नोट छापने में कर रहा था।
2 लाख 25 हजार 500 रुपए बरामद
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस उसे उसके घर लेकर पहुंची। घर की तलाशी में पुलिस को 500 रुपए के 428 नकली नोट मिले। इस तरह कुल 2 लाख 25 हजार 500 रुपए के नकली नोट बरामद किए गए। साथ ही कम्प्यूटर, प्रिंटर, स्कैनर और नोट बनाने में इस्तेमाल अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। पुलिस आरोपी से यह जानकारी जुटा रही है कि क्या आरोपी ने नकली नोट बाजार में चलाए भी हैं।

दाऊद का करीबी सलीम डोला गिरफ्तार, मेफेड्रोन तस्करी की साजिश नाकाम
असम में NDA की बड़ी जीत, हिमंत सरमा ने दिखाया विक्ट्री साइन
रेलवे की बड़ी कार्रवाई, भोपाल मंडल में 63 हजार से ज्यादा मामले दर्ज
डीएसपी साहिबा की कुर्सी पर संकट: 2 सेंटीमीटर के फेर में फंसी 'खाकी'! 