भिंड। 
भिंड जिले के मेहगांव क्षेत्र (ग्राम नारायणपुरा) निवासी अनुसूचित जाति वर्ग की जागृति जाटव को 'नवसंकल्प अभियान' के तहत एक दिन के लिए जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया गया है। वर्तमान अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया की पहल पर प्रभार मिलने के बाद केंद्रीय कृषि एवं पंचायत मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जागृति को वीडियो कॉल कर शुभकामनाएं दीं। दायित्व संभालने के बाद जागृति ने कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों से संवाद किया और सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिशा-निर्देश दिए।
'आगे बढ़ो, देश का नाम रोशन करो, मामा तुम्हारे साथ है'
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडियो कॉल के माध्यम से जागृति से दिनभर के अनुभव, जिम्मेदारियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। बातचीत के दौरान उन्होंने हौसला बढ़ाते हुए कहा, “आगे बढ़ो, देश का नाम रोशन करो, मामा तुम्हारे साथ है,”।
सामाजिक न्याय विभाग की बैठक ली
पिता कमलेश कुमार जाटव और माता बसंती जाटव की बेटी जागृति ने प्रभार मिलते ही जिला पंचायत कार्यालय पहुंचकर अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचयात्मक संवाद किया और विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए विभागीय कार्यों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नवसंकल्प वंचित वर्ग की बेटी को दिया नेतृत्व का अवसर
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया द्वारा 9 दिवसीय नवसंकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत महिला सशक्तिकरण, सामाजिक समानता और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के लिए यह पहल की गई। इसका उद्देश्य वंचित और पिछड़े वर्ग की बेटियों को नेतृत्व और निर्णय क्षमता के अवसर प्रदान कर समाज में समरसता का संदेश देना है।