खूनी हाईवे के खिलाफ संतों का शंखनाद: बरेठा टोल पर नागा बाबा ने रमाई धूनी
भिंड।
ग्वालियर से इटावा तक जाने वाले नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण की मांग को लेकर सोमवार से साधु संतों का आंदोलन बरेठा टोल प्लाजा पर शुरू हो गया है। बड़ी संख्या में साधु संत बरेठा टोल प्लाजा पर पहुंचे हैं और यहां आंदोलन शुरू कर दिया है। एक नागा बाबा ने टोल प्लाजा पर ही धूनी रमाई है। इस आंदोलन का नेतृत्व संत समाज समिति के जिला अध्यक्ष कालिदास महाराज कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में यह आंदोलन किया जा रहा है।
हाईवे चौड़ीकरण को लेकर आंदोलन
नेशनल हाईवे 719 के चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से उठ रही है। इस हाइवे पर रोजाना हादसे होते हैं, जिसमें लोगों की जान चली जाती है। इसी बात से व्यथित होकर साधु संतों ने इस हाइवे को 6 लेन करवाने का संकल्प लिया है। इससे पहले भिंड के जिम्मेदार नागरिक भी इस हाइवे को चौड़ा करने की मांग जन प्रतिनिधियों से कर चुके हैं। कई बार आश्वासन भी मिल चुका है लेकिन अभी तक चौड़ीकरण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। ऐसे में इस हाइवे पर टोल भी वसूला जा रहा है।
काफी दिनों से दे रहे थे चेतावनी
काफी दिनों से साधु-संतों द्वारा आंदोलन करने की चेतावनी दी जा रही थी। जब सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया तो सोमवार को अपने तय कार्यक्रम के तहत संत समाज बरेठा टोल प्लाजा पर आंदोलन करने के लिए पहुंच गया। यहां बाकायदा टेंट लगाया गया है और संत समाज के साधु आंदोलन कर रहे हैं। उनके साथ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भी इस आंदोलन में शामिल हुए हैं। इसके अलावा भिंड जिले के कई लोग भी इस आंदोलन में संतों का साथ दे रहे हैं।
सिक्स लेन बनाने की मांग
सभी ने एक सुर में मांग है कि इस हाईवे का चौड़ा करके इसे सिक्स लेन बनाया जाए जिससे इस पर होने वाले हादसों पर रोक लग सके। हालांकि आंदोलन को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने आंदोलनकारियों से कई बार बात भी की लेकिन आंदोलनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। इस संबंध में मंत्री राकेश शुक्ला द्वारा भी बैठक करके आंदोलन रोकने का प्रयास किया गया था लेकिन आंदोलन नहीं रुक सका। फिलहाल बरेठा टोल प्लाजा पर आंदोलन जारी है।

गुजरात विधानसभा में बम की धमकी, बजट सत्र के बीच मचा हड़कंप
इजराइल की ईरान को सख्त चेतावनी, “खतरा बने तो नहीं बख्शेंगे”
Indian Premier League 2026 से पहले Anil Kumble का बड़ा बयान