भिंड कलेक्टर का तबादला होते ही विधायक समर्थकों ने मनाया जश्न, सुर्खियों में रहा था MLA-अफसर विवाद
भिंड।
मध्य प्रदेश शासन ने आईएएस ट्रांसफर लिस्ट मंगलवार रात को जारी की है। इस लिस्ट में भिंड के कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का भी तबादला अपर सचिव लोक निर्माण विभाग भोपाल में किया गया है। भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के ट्रांसफर होने के बाद विधायक समर्थकों में हर्ष का माहौल बना हुआ है और उनके द्वारा जमकर आतिशबाजी की गई है। विधायक के समर्थक भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के ट्रांसफर को लोकतंत्र की जीत मान रहे हैं। वहीं जिले भर के लोग सोशल मीडिया पर कलेक्टर को निष्पक्ष, ईमानदार, दबंग और कर्मठ छवि का अफसर बताकर प्रशंसा कर रहे हैं। गौरतलब है कि भिंड कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव का विवाद बीते 27 अगस्त को भिंड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह से हुआ था। विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह किसानों की खाद की समस्या को लेकर कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के बंगले पर पहुंचे थे। यहां दोनों के बीच विवाद हुआ और कहासुनी इतनी बढ़ी कि एक-दूसरे को मुक्का दिखाने तक की नौबत आ गई थी। यह मामला देशभर में सुर्खियों में आया था। इस घटना के बाद भाजपा की छवि पर भी सवाल उठे थे। बीजेपी संगठन ने इस विवाद को गंभीरता से लेते हुए भिंड विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह को भोपाल बुलाकर कड़ी फटकार लगाई थी। इसके बाद भोपाल की राजनीति में बैठे कुछ नेता कलेक्टर को हटाने के लिए शासन पर दबाव बना रहे थे, जबकि दूसरे पक्ष के सत्ताधारी राजनेता कलेक्टर के समर्थन में खड़े थे। आखिरकार 34 दिन बाद प्रशासनिक अफसरों की ट्रांसफर लिस्ट में भिंड कलेक्टर का भी नाम शामिल हो गया। जैसे ही यह खबर सामने आई, विधायक समर्थकों और जिले भर के माफियाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। कई जगह आतिशबाजी हुई और लोगों ने मिठाई बांटी। वहीं जिले के समाजसेवियों और अन्य लोगों ने कलेक्टर के ट्रांसफर को एक प्रशासनिक प्रक्रिया बताते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि उन्होंने 2 साल तक भिंड में दबंग, निष्पक्ष और ईमानदार तरीके से काम किया।

Mohan Yadav ने AI समिट में की शिरकत
कौन हैं एआई किड ऑफ इंडिया, इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान चर्चा में क्यों? जानिए उनके बारे में सबकुछ