भिंड । 
भिंड में कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव और भाजपा विधायक नरेंद्र सिंह कुशवाहा के झगड़े में अब पूर्व दस्यु मलखान सिंह की एंट्री हो गई है। उनका कहना है कि नेताओं और अफसरों के बीच खींचतान की वजह खाद की कमी है। इससे भी बड़ी बात ये है कि रेत पर चौथ वसूली हो रही है। मलखान ने कहा कि यदि सरकार ये कह रही है कि खाद की कमी नहीं है तो फिर चंबल में रात 3 बजे से महिलाएं खाद के लिए कतार में क्यों लग रही है?
उन्होंने कहा है कि मैं भाजपा में नहीं हूं, लेकिन भाजपा के विधायक ने कलेक्टर से जनता का हक मांगा है। यदि एक विधायक जनता के हक की बात नहीं करेगा तो कौन करेगा? जनता उसे वोट क्यों देगी? दरअसल, मलखान सिंह सोमवार को राजधानी भोपाल आए थे। पिछले कुछ दिनों से वो विधायक और कलेक्टर के झगड़े के मामले में लगातार तीखे बयान दे रहे हैं। सबकी खबर से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार खाद बांटने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। सरकार के पास ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है कि किसान को सुविधा से दो बोरी खाद मिल पाए। ये सब गलत बात है। कलेक्टर ने विधायक को उंगली दिखाई थी, विधायक ने बस मुक्का बांधकर इशारा किया था। विधायक ने कलेक्टर को नहीं मारा। मैं साफ सुथरी बात कह रहा हूं कि ये मुद्दा खाद का था। रेत का बिल्कुल नहीं था। रेत से चौथ वसूली हो रही है। जब सरकार को कलेक्टर की 10 शिकायतें हुईं तो सरकार को पता है कि उनकी शिकायतें हो रही हैं तो उनका ट्रांसफर क्यों नहीं हुआ।