भोपाल ।
मध्य प्रदेश की बीना विधानसभा सीट से विधायक निर्मला सप्रे की सदस्यता को लेकर मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने सुनवाई की। यह बैठक अध्यक्ष के केबिन में हुई, जिसमें नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार उपस्थित रहे। सुनवाई के दौरान सिंघार ने मामले से जुड़े सबूत स्पीकर को सौंपे।
“बीजेपी उपचुनाव से बच रही है”
सुनवाई के बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सागर जिले की बीना सीट पर चुनाव कराने से बच रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी को पता है कि यदि उपचुनाव होते हैं तो इस सीट पर कांग्रेस की जीत तय है।
8 से 15 दिन में फैसले की उम्मीद
उमंग सिंघार ने कहा कि निर्मला सप्रे के मामले में कांग्रेस ने अपना पक्ष पूरी मजबूती से रखा है। उन्हें उम्मीद है कि 8 से 15 दिनों के भीतर विधानसभा अध्यक्ष इस मामले में फैसला लेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्मला सप्रे भारतीय जनता पार्टी के मंच पर शपथ लेती नजर आई हैं, जो दलबदल कानून का उल्लंघन है।
सभी पक्षों को सुनना अध्यक्ष का दायित्व
नेता प्रतिपक्ष ने बताया कि इस सुनवाई के लिए निर्मला सप्रे को भी बुलाया गया था। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को सुनना विधानसभा अध्यक्ष का संवैधानिक दायित्व है और उन्हें उम्मीद है कि अध्यक्ष जल्द निर्णय लेंगे।