बालाघाट। 
बालाघाट में पंचायत एवं ग्रामीण विकास और श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने मंत्रिमंडल विस्तार से जुड़े सवालों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "न सूत न कपास और जुलाहों में लट्ठम लट्ठा।" मंत्री पटेल सोमवार को उमाश्री फाउंडेशन के प्रतिभा वृत्ति एवं सम्मान समारोह में शामिल होने बालाघाट पहुंचे थे। इस कार्यक्रम में मंत्री पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में छात्रा वैष्णवी कोरे को प्रतिभावृत्ति प्रदान की। उन्होंने संगीत के क्षेत्र में योगदान के लिए संगीत आचार्य पं. विनोद मिश्र को उमाश्री सम्मान से भी सम्मानित किया। यहां मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि अभाव में भी देने का हाथ ऊपर कर दे, मैं उसे प्रणाम करता हूं। उन्होंने उमाश्री फाउंडेशन द्वारा प्रतिवर्ष प्रतिभाओं को मदद और प्रोत्साहन देने के लिए आयोजित किए जाने वाले सम्मान और प्रतिभावृत्ति कार्यक्रम को प्रेरणादायी बताया। उन्होंने फाउंडेशन के अध्यक्ष, साहित्यकार सुधाकर शर्मा के कार्य की सराहना की और कहा कि वह अपनी पत्नी की स्मृति में जिस संकल्प के साथ काम कर रहे हैं, वह सराहनीय है। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से संक्षिप्त चर्चा के दौरान मंत्री प्रहलाद पटेल से प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर सवाल पूछे गए। इसके जवाब में उन्होंने कहा, "न सूत न कपास और जुलाहों में लट्ठम लट्ठा। इस अवसर पर शिक्षाविद लता एलकर, सांसद भारती पारधी, आयोग सदस्य मौसम हरिनखेड़े, नपाध्यक्ष भारती पारधी, संरक्षक रमेश रंगलानी, अभय सेठिया, अध्यक्ष पं. सुधाकर शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष महेन्द्र सुराना, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा लिल्हारे और ब्रजेश हजारी सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद थे।