AAP का पूर्व विधानसभा प्रत्याशी ही निकला पिता का हत्यारा! 35 दिन बाद जंगल से पकड़ाया, भागने के चक्कर में तुड़वाए दोनों पैर
बड़वानी।
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के चर्चित पिछोड़ी हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी बेटे चंदन बड़ोले को आखिरकार पुलिस ने 35 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने के बाद आरोपी अमलाली के घने जंगलों में छिपा हुआ था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान उसने भागने की कोशिश में मंदिर की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल हालत में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चंदन बडोले आम आदमी पार्टी से विधानसभा का चुनाव भी लड़ चुका है. जानकारी के मुताबिक ग्राम पिछोड़ी निवासी चंदन बड़ोले ने 19 अप्रैल को पैसों के विवाद में अपने पिता जगन बड़ोले (58) की बीच सड़क पर सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
पुलिस को घर की सुरक्षा करना पड़ रही थी
टीआई कोतवाली बी एस बिसेन ने बताया कि आरोपी ने 35 दिनों तक पुलिस को खूब छकाया। पुलिस के लिए यह बड़ी चुनौती बन गया था, क्योंकि उसके घर और आसपास सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात करना पड़ा था। आशंका थी कि आरोपी दोबारा अपने परिजनों पर हमला कर सकता है।
हत्या के पहले से बना ली थी फरारी की योजना
जांच में सामने आया कि आरोपी ने हत्या की योजना पहले से तैयार कर रखी थी। वह अमलाली क्षेत्र के जंगलों में पहले से आता-जाता था और वहां अपने रहने तथा छिपने की व्यवस्था भी कर चुका था। हत्या के बाद वह अमलाली गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में स्थित एक माता मंदिर के आसपास छिपकर रहने लगा। पुलिस सूत्रों के अनुसार फरारी के दौरान वह कई दिनों तक केवल नमक और बाटी खाकर गुजारा करता रहा तथा रात के अंधेरे में ही बाहर निकलता था।
एक महीने से सर्चिंग, मोबाइल लोकेशन से पकड़ा गया
कोतवाली थाना प्रभारी बलवंत सिंह बिसेन ने बताया कि आरोपी की तलाश में पिछले एक महीने से बड़वानी सहित आसपास के जिलों और सीमावर्ती राज्यों में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। घटना के दो दिन बाद मोबाइल लोकेशन के आधार पर 52 गांव क्षेत्र की पहाड़ियों में भी तलाशी ली गई थी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा।
पहाड़ी पर भागा, मंदिर की छत से छलांग लगा दी
सोमवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अमलाली के जंगल में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर सर्चिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही आरोपी पहाड़ी की ओर भागा और मंदिर की छत से छलांग लगाकर बचने की कोशिश की, लेकिन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया।
आम आदमी पार्टी से विधायक का चुनाव लड़ा था
आरोपी ने 2018 में आम आदमी पार्टी की टिकट पर भी चुनाव लड़ा था, लेकिन बुरी तरह हार गया था। फिलहाल पुलिस आरोपी से हत्या में इस्तेमाल हथियार और फरारी के दौरान उसकी मदद करने वाले लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

NH-327 हादसा: खड़े ट्रैक्टर में सोलर पैनल ट्रक की टक्कर, छह बच्चों के पिता की मौत
पन्ना में निर्माणाधीन कुएं की दीवार गिरी, 5 मजदूर मलबे में फंसे, बचाव जारी
पीरियड्स के कारण न छूटे शिक्षा, लड़कियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांग
राजद को बड़ा झटका! ‘मुखिया दीदी’ BJP में शामिल, सियासी समीकरण बदले
नाशिक में फर्जी बाबा पर गंभीर आरोप, परिवार को ठगने का मामला