शिवराज सिंह मेरे खास, वो मंत्री बन गए और मैं यहां लगा हूं... खाद-यूरिया की लाइन में लगे पूर्व मंडल उपाध्यक्ष का झलका दर्द
अशोकनगर।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में यूरिया खाद की परेशानी लगातार बनी हुई है। ऐसे में खाद लेने के लिए केंद्रों के बाहर किसानों की लंबी-लंबी कतारें लगी हैं, जहां खाद की कट्टी के लिए पुरुषों के साथ महिलाएं और बच्चे भी खाद की लाइन में नजर आए तो वहीं तीन कट्टी यूरिया खाद लेने के लिए लाइन में लगे भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष का दर्द झलक पड़ा और उन्होंने बीजेपी को खरी-खोटी सुना दी।
रवि की फसल में बढ़ी मांग
उल्लेखनीय है कि जिले में रवि फसल की बोवनी के बाद अब किसानों को यूरिया की मांग बढ़ गई है। ऐसे में जिले में लगातार पहले डीएपी और अब यूरिया खाद के लिए सरकारी केंद्रों पर किसानों की लंबी-लंबी कतारें देखने को मिल रही है। सोमवार को शहर के विदिशा रोड स्थित सरकारी गोदाम और पुरानी मंडी में खाद का वितरण किया गया जहां खाद लेने किसान सुबह 7 बजे से ही लंबी कतार लगा घंटों खड़े रहे।
लाइन में बीजेपी के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष भी
इस दौरान खाद वितरण के लिए लाइन में लगे भाजपा के पूर्व मंडल उपाध्यक्ष जयलाल अहिरवार का अपनी ही सरकार पर गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री बात सुनते थे किसानों की, उन्हें प्रदेश के बाहर कर दिया। हम परेशान हो रहे हैं। मोहन यादव झूठ कह रहे हैं कि किसानों का ऐसा होगा, वैसा होगा। कुछ नहीं हो रहा। किसान खाद के लिए परेशान है। एक किसान को उल्टी हो गई। एक को चक्कर आ रहे हैं। मैं खुद भूखा प्यासा लाइन में हूं। कोई सुनने नहीं आ रहा। शिवराज सिंह चौहान मेरे खास हैं, वे केंद्र में मंत्री बन गए। मैं यहां लाइन में लगा हूं, खाद के लिए।'
खाद लेने के लिए महिलाओं के साथ बच्चे भी कतार में
किसानों को खाद जल्दी मिले इसके लिए बड़ी संख्या में महिलाएं भी खाद की गोदाम पर पहुंचीं। इस दौरान उनके छोटे-छोटे बच्चे भी खाद की लाइन में नजर आए और भीड़ के बीच खड़े रहे तो वहीं कई किसानों ने आरोप लगाए कि महिलाओं को खाद जल्दी मिल जाता है। इसलिए कई लोग पैसे देकर महिलाओं को खाद की लाइन में खड़ा कर रहे हैं।

लोरमी में महिला से छेड़छाड़ केस, दो आरोपी गिरफ्तार
सिंघानिया चौक पर चाकू लहराने वाला युवक गिरफ्तार
MCB में धान उठाव की रफ्तार तेज, 4.27 लाख क्विंटल का सफल परिवहन
रायपुर में फरार आरोपी की सक्रियता से हड़कंप, वीडियो वायरल
लखनऊ में धीरेंद्र शास्त्री की हनुमत कथा रद्द, LDA ने रद्द किया मैदान आवंटन