बेलगाम सत्ता का नशा: मंत्री के भाई की गुंडागर्दी, महिला अधिकारी को दी जिंदा गाड़ने की धमकी!
आलीराजपुर।
पिछोर के भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के बेटे का थार कांड और उसके बाद लोधी की आईपीएस को धमकी का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक और मंत्री के परिजन का विवाद सामने आ गया है। कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान के भाई और जनपद पंचायत अध्यक्ष के पति इंदरसिंह चौहान पर महिला सीईओ को धमकाने, अभद्रता और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है। घटना 22 अप्रैल की है, जब जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रिया काग कार्यालय पहुंचीं। बताया जा रहा है कि कन्या विवाह योजना में पहले से विवाहित आवेदकों के आवेदन निरस्त किए जाने को लेकर इंदरसिंह चौहान नाराज हो गए।
आरोप है कि इंदर सिंह सीईओ को मारने दौड़े और धमकाया, ‘तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा।’ लेखाधिकारी सावन भिंडे ने उन्हें रोका। पुलिस ने इंदरसिंह चौहान के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 224, 221, 351(2) और 126(2) के तहत केस दर्ज किया है।
विवादों से पुराना नाता
इंदरसिंह पहले भी विवादों में रहे हैं। खाद वितरण को लेकर विपणन सहकारी संस्था के सेल्समैन से मारपीट का मामला सामने आ चुका है। कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे हटवाने को लेकर भी सवाल उठे हैं। इस मामले ने सत्ता पक्ष से जुड़े लोगों के परिजनों की दबंगई को लेकर नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है।
सीईओ बोलीं- मैं कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस कर रही हूं
मैं 22 अप्रैल को दोपहर 3 बजे ऑफिस पहुंची तो इंदरसिंह चौहान ने कन्या विवाह योजना के आवेदन निरस्त करने पर मुझे धमकाया। उन्होंने कहा, ‘तेरे दांत तोड़ दूंगा, जिंदा गाड़ दूंगा’ और मुझे मारने दौड़े। उन्होंने मेरा रास्ता भी रोका। मैं अपने कार्यस्थल पर असुरक्षित महसूस कर रही हूं।
-प्रिया काग, सीईओ, जनपद पंचायत, आलीराजपुर
मंत्री बोले- मैं अपने भाई से बात नहीं करता
सालों हो गए, मैं अपने भाई से बात नहीं करता। वह अपना काम करता है। अलग रहता है। वह किसे, क्या बोल रहा है, वह जाने। कानून अपना काम करेगा। जहां तक धमकाने की बात है तो उनकी पत्नी जनपद अध्यक्ष है। वो जानें।
नागर सिंह चौहान, मंत्री, अनुसूचित जाति कल्याण
इंदरसिंह चौहान के विरुद्ध केस दर्ज करने के बाद गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। उसे जमानत मिल गई।
-रघुवंशसिंह भदौरिया, एसपी, आलीराजपुर

जनेऊ उतरवाने के आरोपों से गरमाई राजनीति, BJP ने उठाए सवाल
‘भारतीय राजनीति के महत्वपूर्ण स्तंभ थे’—CM योगी ने बहुगुणा को किया नमन
US-इज़राइल हमले के दावों पर सवाल, मोजतबा खामेनेई की हालत को लेकर चर्चा
UP Police Update: ट्रेनिंग पूरी नहीं की, 15 युवकों ने नौकरी छोड़ी