भोपाल।
मध्यप्रदेश के भोपाल में से एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। जहां एक नाबालिग लड़की के साथ पुलिस आरक्षक ने दुष्कर्म किया है। आरोप है कि दोस्त की बेटी की बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाया था। कार से होटल में ले जाकर हवस का शिकार बनाया। इस दरिंदगी में उसकी मदद एक अन्य पुलिसकर्मी ने भी की है। बताया जा रहा है कि पीड़िता उसके पूर्व सहकर्मी की बेटी है। जानकारी के अनुसार, संतोष सेन (एसएएफ आरक्षक) धार जिले में पदस्थ है। सूत्रों की मानें तो इससे पहले आरक्षक भोपाल में तैनात था। इसी दौरान उसकी दोस्ती एक अन्य एसएएफ पुलिसकर्मी से हुई। वहीं, पुलिसकर्मी की 17 वर्षीय बेटी भी उसके संपर्क में आ गई। दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। इसी बीच बुधवार को आरक्षक भोपाल में पहुंचा था। उसने लड़की को फोन पर किसी अन्य दोस्त की बेटी की बर्थडे पार्टी में शामिल होने की बात कही। झांसे में आकर पीड़िता लाल परेड मैदान पहुंच गई।  आरोप है कि संतोष अपने साथी जितेंद्र उर्फ जीत के साथ कार से पहुंचा। इसके बाद दोनों उसे पार्टी में ले जाने के बजाय एमपी नगर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में ले गए। इसी दौरान संतोष ने नाबालिग से रेप किया। जबकि जितेंद्र उर्फ जीत कमरे के बाहर पहरा देता रहा। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रात में पीड़िता को कार से उसके घर छोड़कर चला गया। पीड़िता ने अपने पिता को पूरी घटना की जानकारी दी। मामला जानकर परिजनों के होश उड़ गए। नाबालिग बेटी को साथ लेकर तुरंत पुलिस थाने में पहुंच गए। पुलिस ने आरोपी दो आरक्षकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है।