पत्रकार के दिल ने थाने में दिया धोखा, टीआई ने CPR देकर लौटाई सांसे, लेकिन नहीं बची जान
सागर।
उपनगर मकरोनिया में सोमवार शाम को एक दुखद घटनाक्रम में खाकी का संवेदनशील चेहरा सामने आया है. पत्रकार जितेंद्र श्रीवास अपने मित्र के साथ मकरोनिया थाना में थाना प्रभारी रविंद्र सिंह चौहान से मुलाकात करने पहुंचे थे. इसी दौरान पानी पीते समय उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया और बेसुध होकर थाने में गिर गए. टीआई रविंद्र सिंह चौहान ने उन्हें सीपीआर दिया, जैसे ही उनकी सांस लौटी. तत्काल उन्हें थाने के नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात पत्रकार ने दम तोड़ दिया.
मकरोनिया थाना की घटना
पत्रकार जितेंद्र श्रीवास के साथी अर्पित बिलथरे ने बताया, "सोमवार शाम के वक्त रोजाना की तरह हम लोग थाने पहुंचे थे, जहां थाना प्रभारी रविंद्र सिंह चौहान के कक्ष में हम लोग बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान जितेंद्र श्रीवास ने पानी पीने की बात कही और बाहर पानी पीने गए, लेकिन अचानक बेसुध होकर गिर पड़े. धड़ाम से गिरने की आवाज सुनकर मैंने और थाना प्रभारी ने बाहर निकलकर देखा तो जीतेंद्र श्रीवास के मुंह से झाग निकल रहा था."
बिना समय गवाएं टीआई साहब ने उनकी नाड़ी चेक किया, तो धड़क महसूस नहीं हो रही थी. उन्होंने तुरंत सीपीआर देना शुरू कर दिया. करीब 5 मिनट लगातार सीपीआर देने के बाद जितेंद्र श्रीवास के शरीर में हरकत होने लगी और उनकी सांसे लौटने लगी. इसके बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. सीवियर अटैक होने के कारण उनकी हालत नाजुक थी. डॉक्टर ने उन्हें वेंटीलेटर पर रखकर जांच शुरू कर दी, लेकिन देर रात पत्रकार जितेंद्र श्रीवास ने दम तोड़ दिया.
हमने भरपूर कोशिश की
मकरोनिया थाना प्रभारी रविंद्र सिंह चौहान ने बताया, "आमतौर पर शाम के वक्त खबरों की जानकारी लेने के लिए जितेंद्र श्रीवास थाने आते थे. इसी तरह वह सोमवार शाम को भी थाने पहुंचे थे. हम लोग केबिन में बैठकर बात कर थे, तभी जितेंद्र पानी पीने का बोलकर बाहर गए और जमीन पर गिर पड़े. मैंने स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए तत्काल उनको सीपीआर देना शुरू किया. करीब 5 मिनट की मेहनत के बाद उनकी सांस वापस आने लगी, तो हम लोग तुरंत पास में प्राइवेट हॉस्पिटल उनको लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अटैक सीवियर था और स्थिति गंभीर है. उनको तत्काल वेंटिलेटर पर लिया गया और इलाज शुरू हुआ. लेकिन किस्मत को शायद यह मंजूर नहीं था और जितेंद्र श्रीवास ने देर रात दम तोड़ दिया."

2 अप्रैल 2026 राशिफल: किस पर बरसेगी किस्मत, किसे भुगतनी पड़ सकती हैं चुनौतियां
पीएम आवास योजना से बना ग्वालिन के सपनों का आशियाना
मध्यप्रदेश पुलिस की वाहन चोरों पर प्रभावी कार्यवाही
शासकीय स्कूलों के प्रति अभिभावकों और बच्चों का बढ़ा आकर्षण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मायावती लखनऊ से चुनावी शंखनाद करेंगी, BSP के सामने चुनौती का पहाड़
हर घर नल-जल से बिराजपाली के ग्रामीणों को कठिनाईयों से मिली निजात