जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप का कहर जारी, चार साल के मासूम हर्ष की 120 दिन बाद मौत
छिंदवाड़ा।
जहरीले कोल्ड्रिफ कफ सिरप से जुड़ा मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। परासिया सहित छिंदवाड़ा और बैतूल जिलों में अब तक दो दर्जन से अधिक जिंदगियां लील चुके इस कथित जहरीले सिरप ने एक और मासूम की जान ले ली। बैतूल जिले के बोरदेही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीकाबरी निवासी चार वर्षीय हर्ष यदुवंशी ने 120 दिन तक नागपुर एम्स में जिंदगी और मौत से जंग लड़ने के बाद बीती रात दम तोड़ दिया। सोमवार को नागपुर में पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव उसके पैतृक गांव लाया गया, जहां पूरे गांव में शोक का माहौल है।
सितंबर में बिगड़ी थी तबीयत
जानकारी के अनुसार हर्ष पिता गोकुल यदुवंशी की तबीयत सितंबर 2025 में खराब हुई थी। परिजनों ने 26 सितंबर को परासिया के एक निजी चिकित्सक डॉ. एस.एस. ठाकुर से उसका उपचार कराया था। आरोप है कि इसी दौरान बच्चे को कोल्ड्रिफ कफ सिरप दिया गया। इसके बाद उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। परिजन पहले उसे स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां से हालत गंभीर होने पर नागपुर रेफर किया गया। अक्टूबर से उसका उपचार नागपुर एम्स में चल रहा था। लंबे इलाज के बावजूद उसकी किडनियां गंभीर रूप से प्रभावित रहीं और आखिरकार 120 दिन बाद उसकी मौत हो गई।
चाचा ने की थी शिकायत
हर्ष के चाचा श्याम देवा यदुवंशी ने परासिया एसडीएम को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया था कि डॉक्टर ने सिरप के दुष्परिणाम जानते हुए भी दवा दी, जिससे बच्चे की किडनी फेल हो गई। इस शिकायत के बाद 22 नवंबर 2025 को एसडीओपी ने परासिया थाने में दर्ज प्रकरण में इस मामले को भी शामिल करने के निर्देश दिए थे। पुलिस द्वारा न्यायालय में पेश की गई केस डायरी में क्रमांक 39 पर इस बच्चे का मामला दर्ज बताया गया है। साथ ही श्रीसन फार्मा द्वारा निर्मित कोल्ड्रिफ सिरप की जब्त बोतल भी रिकॉर्ड में दर्शाई गई है।
अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
जहरीले कफ सिरप मामले में पुलिस अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें डॉ. प्रवीण सोनी, ज्योति सोनी (मेडिकल संचालिका), श्रीसन फार्मा के मालिक रंगनाथन, केमिकल एनालिस्ट के. माहेश्वरी, केमिकल सप्लायर शैलेन्द्र पांडेया, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव सतीष वर्मा, मेडिकल स्टोर संचालक राजेंद्र सोनी, सौरभ जैन, अनिल रसेला शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कुंडीपुरा पुलिस ने भी इसी मामले से जुड़े एक अन्य प्रकरण में दो और गिरफ्तारियां की हैं।

2 अप्रैल 2026 राशिफल: किस पर बरसेगी किस्मत, किसे भुगतनी पड़ सकती हैं चुनौतियां
पीएम आवास योजना से बना ग्वालिन के सपनों का आशियाना
मध्यप्रदेश पुलिस की वाहन चोरों पर प्रभावी कार्यवाही
शासकीय स्कूलों के प्रति अभिभावकों और बच्चों का बढ़ा आकर्षण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मायावती लखनऊ से चुनावी शंखनाद करेंगी, BSP के सामने चुनौती का पहाड़
हर घर नल-जल से बिराजपाली के ग्रामीणों को कठिनाईयों से मिली निजात