ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने बीजेपी विधायक ने बताया कमलनाथ का काम, हाथ जोड़कर कहा- 'महाराज' आप भी सौगात दे दो
अशोकनगर:
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं। सोमवार को वह अशोकनगर जिले में दिव्यांग जनों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान मंच से भाजपा के विधायक ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की तारीफ की। उन्होंने सिंधिया से हाथ जोड़कर कहा कि एक ट्रेन दिल्ली से लिए चलवा दीजिए यह हमारे लिए बहुत बड़ी सौगात होगी।
चंदेरी विधायक ने की कमलनाथ की तारीफ
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, इलेक्ट्रिक गाड़ी, व्हीलचेयर, कान की मशीन एवं कृत्रिम अंग वितरण किए गए। कार्यक्रम के दौरान सिंधिया की मौजूदगी में चंदेरी के भाजपा विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी ने अचानक मंच पर कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की तारीफ कर दी। भाजपा विधायक ने कहा कि कांग्रेस के एक पूर्व मुख्यमंत्री हैं कमलनाथ जी जिन्होंने अपने क्षेत्र से एक ट्रेन छिंदवाड़ा से दिल्ली के लिए चलवाई थी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों की मांग पर पातालकोट एक्सप्रेस चलवाई थी।
हाथ जोड़कर प्रार्थना
बीजेपी विधायक जगन्नाथ रघुवंशी ने कहा- महाराज मेरी आप से प्रार्थना है, क्षेत्र के जनता की तरफ से प्रार्थना है अशोकनगर आपका संसदीय क्षेत्र है। महाराज साहब चाहे मुंगावली, चाहे अशोकनगर एक ट्रेन दिल्ली के लिए चलवा दीजिए। जो गुना शिवपुरी होते हुए दिल्ली तक आए। क्षेत्र के जनता की तरफ से मेरी यह मांग है कि एक ट्रेन अशोकनगर के लिए दे दीजिए। जगन्नाथ रघुवंशी ने कहा- यह ट्रेन क्षेत्र के लिए बहुत बड़ी सौगात होगी। उन्होंने कहा कि जैसे वृद्धों की सेवा के लिए यहां आए हैं वही भाव दिखाते हुए इस मांग को भी पूरा करिए।
1456 दिव्यांग जनों को कृत्रिम अंगों का वितरण
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने इस मांग पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। सिंधिया ने कार्यक्रम में कुल 1456 दिव्यांग एवं वृद्धजनों को 1 करोड़ 61 लाख रुपये की राशि के 5172 जीवन सहायक उपकरणों का वितरण किया।

2 अप्रैल 2026 राशिफल: किस पर बरसेगी किस्मत, किसे भुगतनी पड़ सकती हैं चुनौतियां
पीएम आवास योजना से बना ग्वालिन के सपनों का आशियाना
मध्यप्रदेश पुलिस की वाहन चोरों पर प्रभावी कार्यवाही
शासकीय स्कूलों के प्रति अभिभावकों और बच्चों का बढ़ा आकर्षण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मायावती लखनऊ से चुनावी शंखनाद करेंगी, BSP के सामने चुनौती का पहाड़
हर घर नल-जल से बिराजपाली के ग्रामीणों को कठिनाईयों से मिली निजात