भूपेंद्र सिंह के बुलावे पर सागर पहुंचेंगे मोहन यादव, आखिर क्यों विधायक ने सीएम को बुलाया
सागर।
मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव एक बार फिर सागर के दौरे पर आने वाले हैं. एक फरवरी को मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव सागर जिले के दौरे पर रहेंगे. मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गयी है. सीएम सागर में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के जन्म शताब्दी समारोह और रूद्राक्ष धाम सागर में श्रीराम कथा एवं श्री हनुमान प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल होंगे. वहीं देवरी विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर भी रहेंगे.
सागर में दो कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना
मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव सागर में दो कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं. पहला कार्यक्रम पूर्व मंत्री व विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा रूद्राक्ष धाम में आयोजित होने जा रही श्री रामकथा और हनुमान प्रतिमा प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होंगे. यह कार्यक्रम बमोरा ग्राम में स्थित रूद्राक्ष धाम में आयोजित होने जा रहा है. यहां 1 फरवरी से लेकर 6 फरवरी तक रामकथा का आयोजन होगा. इसी कार्यक्रम में एक फरवरी को हनुमान प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होगी.
दूसरा कार्यक्रम सागर में सेन शक्ति महा संगठन द्वारा आयोजित भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जन्म शताब्दी के अवसर पर होने जा रहा है. जिसमें नरयावली विधायक प्रदीप लारिया के विशेष अनुरोध को स्वीकार करते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 1 फरवरी 2026 को मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की स्वीकृति प्रदान कर दी है.
देवरी विधानसभा का भी दौरे की चर्चा
वहीं दूसरी तरफ मुख्यमंत्री 1 फरवरी को देवरी का भी दौरा करेंगे. पहले देवरी विधानसभा क्षेत्र का दौरा 29 जनवरी का तय था. जिसकी तैयारियां जिला और स्थानीय प्रशासन ने तेज कर दी थी, लेकिन अब इस कार्यक्रम के स्थगित होने की जानकारी स्थानीय प्रशासन ने दी है. वहीं चर्चा है कि अब एक फरवरी को मुख्यमंत्री सागर और देवरी का दौरा करेंगे. हालांकि अभी तक इन सभी कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री सचिवालय या जिला प्रशासन द्वारा कोई सूचना जारी नहीं की गयी है, लेकिन आयोजकों और प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर तैयारियां तेज कर दी है.
आयोजकों को मुख्यमंत्री ने दी सहमति
पूर्व मंत्री और विधायक भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि बमोरा में रूद्राक्ष धाम में आयोजित रामकथा और हनुमान प्राण प्रतिष्ठा समारोह के आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री डाॅ मोहन यादव से निवदेन किया था और उन्होंने कार्यक्रम में आने की सहमति दी थी. हालांकि अभी प्रशासनिक या मुख्यमंत्री सचिवालय स्तर पर किसी भी कार्यक्रम की सूचना नहीं है. वहीं नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने बताया कि "सेन समाज (सेन शक्ति महा संगठन) के प्रतिनिधिमंडल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ऐतिहासिक आयोजन के लिए आमंत्रित किया था. हमारे अनुरोध पर 1 फरवरी को सागर आगमन की मुख्यमंत्री ने सहमति जतायी है, लेकिन अभी कार्यक्रम तय नहीं हुआ है और ना ही अंतिम रूप दिया गया है.

दलाल स्ट्रीट में गिरावट, फिर भी चमका सर्राफा बाजार; जानें सोना-चांदी के भाव
कोशिश करके देख लो”: पाकिस्तान की धमकी पर Rajnath Singh का सख्त संदेश
राघव चड्ढा का बीजेपी में शामिल होने की चर्चा, राज्यसभा सीट पर उठे सवाल
राहगीर युवक ने झोपड़ी में चल रहे भ्रूण लिंग परीक्षण का भंडाफोड़ किया, मुख्य आरोपी फरार
नासा का ऐतिहासिक आर्टेमिस-2 मिशन: 52 साल बाद इंसानों को चांद के करीब भेजा