सिंगरौली।
एमपी के सिंगरौली जिले में कलेक्टर तहसीलदार कोर्ट का निरीक्षण करने पहुंचे। कलेक्टर गौरव बैनल इन कोर्ट की स्थिति देखकर हैरान रह गए। लोगों की सुनवाई ही नहीं हो रही थी। फाइलों पर बैकडेट की तारीखें अंकित हो रही थी। यह सब देखकर कलेक्टर ने पहले चेतावनी दी और कुछ अधिकारियों पर कार्रवाई की है।
सरई तहसीलदार कोर्ट में पहुंचे कलेक्टर
दरअसल, सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने तहसील कार्यालय सरई का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कोर्ट के राजस्व प्रकरणो का अवलोकन किया गया। इस दौरान पाया गया कि अधिकतम राजस्व प्रकरण कई महीनों से लंबित थे। कुछ प्रकरणों के आदेश का पालन नही किया गया था। साथ ही ऐसे भी प्रकरण थे, जिन में पेशी ही नहीं की गई थी। इससे साफ हुआ कि कोर्ट नियमित रूप से संचालित नहीं हो रही थी।
कोर्ट में नहीं हो रही थी सुनवाई
सरई तहसीलदार कोर्ट में प्रवेश करते ही फाइल पलटनी शुरू कर दी। उन्होंने एक फाइल देखा, जिसे देखने के बाद कहा कि केस दर्ज हुए एक महीने हो गए हैं। अभी तक पहली ऑर्डर शीट नहीं लिखी गई है, तुम ऐसा कौन सा काम कर रहे हो कि तुमसे टाइप ही नहीं हो रहा है। एक ऑर्डर शीट लिखवा नहीं पा रहे हो, फिर लोग मेरे पास आएंगे। इसके बाद फोन लगाकर कलेक्टर ने कहा कि आपके यहां कोर्ट में इतनी बुरी स्थिति है। कोर्ट में कोई पेशी नहीं हो रही है। किसी ने कोई ऑर्डर शीट नहीं लिखी है। आप दो दिन में सारे कोर्ट का निरीक्षण कीजिए। आप निरीक्षण किए होते तो यह स्थिति नहीं होती।
होश में काम करते हो या बेहोशी में
दूसरी फाइल खोली तो उसमें प्रोसिडिंग की तारीख डली थी लेकिन अगली सुनवाई की तारीख बैक डेट में थी। इस पर कलेक्टर वहीं पर कर्मचारी को हड़काने लगे। साथ ही कहने लगे कि होश में काम करते हो या बेहोशी में काम करते हो। तुम भूतकाल में पेशी करवाओगे क्या, सिर्फ ऑर्डर शीट पर साइन कर रख लेते हो। इसके बाद कलेक्टर ने कहा कि हम तहसीलदार और रीडर दोनों पर कार्रवाई करेंगे। कोर्ट की स्थिति अच्छी नहीं है।
दो पर हुई कार्रवाई
सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने इस लापरवाही पर कार्रवाई की है। सरई तहसीललदार चंद्रशेखर मिश्रा को एससीएन जारी करते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय से अटैच कर दिया। साथ ही रीडर पुष्पेंद्र द्विवेदी को सस्पेंड कर दिया है।
वहीं, वृत खनुआ नायब तहसीलदार कोर्ट के निरीक्षण में भी अनियमितता पाई है। इसके बाद कलेक्टर ने नायब तहसीलदार देवकरण सिंह और रीडर लखपति सिंह को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही कलेक्टर ने देवसर एसडीएम को निर्देश दिए हैं कि लंबित राजस्व प्रकरणों का दो दिन में निराकरण कर कोर्ट संचालन को सुचारू रूप से संचालित कराएं। ताकि राजस्व प्रकरणों का निराकरण हो सके।