मंदसौर। 
नए साल से ठीक पहले बुधवार देर शाम मंदसौर में जो हुआ, उसने पूरे शहर को सन्न कर दिया. घनी आबादी वाले इलाके में एक ही घर से तीन लाशें मिलने की खबर फैलते ही सनसनी मच गई. लोग जो जश्न मनाने सड़कों पर निकले थे, वही लोग कुछ ही देर में घटनास्थल पर जमा हो गए.हर तरफ अफरा-तफरी, डर और सवालों का माहौल था.
क्या है पूरा मामला? 
मामला मंदसौर के गोल चौराहा इलाके का है. बुधवार शाम अचानक एक के बाद एक गोलियां चलने की आवाजें सुनाई दीं. आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी. जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो घर के अंदर का मंजर देखकर हर कोई दहल गया. वहां दो पुरुष और एक महिला की लाश पड़ी हुई थी.
मृतकों की पहचान सर्राफा व्यापारी दिलीप जैन, उनकी पत्नी रेखा जैन और राजस्थान के निंबाहेड़ा निवासी विकास सोनी के रूप में हुई. शुरुआती जांच में सामने आया कि विकास सोनी ही इस पूरी वारदात का आरोपी है. पुलिस के मुताबिक, विकास पहले से ही हथियार लेकर वहां पहुंचा था.
सोने-चांदी की लेनदेन ने ली जान
जांच में यह भी सामने आया कि दिलीप जैन और विकास सोनी के बीच सोने-चांदी के लेनदेन को लेकर बातचीत हो रही थी. बातचीत के दौरान दोनों में कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. इसी दौरान विकास सोनी ने कमर में छुपाकर रखी पिस्टल निकालकर दिलीप जैन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
आरोपी ने खुद को भी मारी गोली
गोलियों की आवाज सुनकर दिलीप की पत्नी रेखा जैन नीचे आईं, तो आरोपी ने चाकू से उन पर हमला कर दिया. रेखा जैन गंभीर रूप से घायल हो गईं और उनकी भी जान चली गई. बाहर गलियों में लोग जमा होने लगे, शोर बढ़ने लगा. माना जा रहा है कि इसी डर और घबराहट में विकास सोनी ने खुद को सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली.
घटना की सूचना मिलते ही एसपी मंदसौर विनोद कुमार मीणा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल से पिस्टल, चाकू और सीसीटीवी डीवीआर जब्त किया है. तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हालांकि पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की असली वजह पर खुलकर कुछ कहने से बच रही है. प्राथमिक तौर पर व्यापारिक लेनदेन को कारण माना जा रहा है, लेकिन पुलिस का कहना है कि पूरी सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी.