भोपाल। 
एक से अधिक विवाह को लेकर चर्चा में आए पूर्व मंत्री दीपक जोशी ने शनिवार को फेसबुक पर एक अपलोड किया है। जिसमें उन्होंंने कहा है कि यश, अपयश मनुष्य जीवन में आते जाते रहते हैं किंतु मैं दावे से कह सकता हूं कि मैंने गलतियां जरूर की है। बेईमानी, छल या कपट नहीं किया है। जिन महिलाओं ने सामान्य जीवन को सार्वजनिक किया है उसे और सार्वजनिक नहीं करना चाहता। जोशी ने कहा है कि मेरे पिताजी को राजनीति का संत कहा जाता है। उनकी विरासत के आधार पर कह सकता हूं कि न मैं रास्ता भटका, न ही मैंने मंजिल खोयी है। मैं पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए निरंतर शुचिता के लिए लड़ूंगा। बता दें, पूर्व मंत्री दीपक जोशी पर कांग्रेस की पूर्व प्रदेश सचिव पल्लवी राज समेत 3 महिलाओं ने शादी का दावा किया है। यह मामला 4 दिसंबर 2025 को तब सार्वजनिक हुआ, जब पल्लवी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ तस्वीरें पोस्ट कीं, जिनमें दीपक जोशी उनकी मांग में सिंदूर भरते नजर आ रहे हैं। इन तस्वीरों के सामने आते ही यह विवाद सिर्फ एक शादी तक सीमित नहीं रहा। दो और महिलाएं, नम्रता जोशी और शिखा जोशी ने भी दीपक जोशी की पत्नी होने का दावा ठोंक दिया।