भोपाल।
मध्य प्रदेश कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और अंदरूनी लड़ाई शनिवार को सड़कों पर आ गई. मध्य प्रदेश कांग्रेस में मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को अपना इस्तीफा भेज दिया. हालांकि संगठन ने इस्तीफा नामंजूर कर दिया है. मुकेश नायक के इस्तीफा प्रकरण से कांग्रेस बचाव की मुद्रा में है.
मुकेश नायक ने इस्तीफे में क्या लिखा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी को भेजे गए इस्तीफे में मुकेश नायक ने लिखा "कल प्रबंध समिति की बैठक में मैंने अह्वान किया था कि पुराने लोगों को नए लोगों के लिए स्थान खाली करना चाहिए. मैं स्वेच्छा से अपने पद से इस्तीफा देता हूं." नायक ने पत्र में आगे लिखा "दो वर्ष बेहद मेहनती, ईमानदार, सक्षम अध्यक्ष के साथ काम करने का अनुभव अच्छा रहा. मेरी अनन्य शुभकामनाएं."
मुकेश नायक को पहले की तरह काम करने को कहा
मध्य प्रदेश कांग्रेस के संगठन प्रभारी महामंत्री डॉ. संजय कामले द्वारा संगठन की ओर से जारी किए गए पत्र में नायक का इस्तीफा नामंजूर कर दिया गया है. पत्र में लिखा है " मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देशानुसार आपके द्वारा मीडिया विभाग अध्यक्ष पद से दिए गए त्यागपत्र को अस्वीकार किया जाता है. आपसे अपेक्षा है कि संगठन की मजबूती हेतु पूर्ववत मीडिया विभाग अध्यक्ष के तौर पर अपने दायित्वों को सक्रियता के साथ निर्वहन करें."
मुकेश नायक को क्यों देना पड़ा इस्तीफा
कांग्रेस पार्टी मध्य प्रदेश में टैलेंट हंट के माध्यम से नए प्रवक्ता और कार्यकर्ताओं का चयन करने जा रही है. इसके लिए जीतू पटवारी के निर्देशानुसार मीडिया विभाग के टैलेंट हंट कार्यक्रम हेतु 13 सदस्यीय समिति का गठन किया गया है. टैलेंट हंट कार्यक्रम के सुचारू क्रियान्वयन हेतु प्रदेश के समस्त जिलों को क्लस्टर में विभाजित करते हुए क्लस्टर प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं. इसका पत्र 23 दिसंबर को जारी किया गया था. पत्र में टैलेंट हंट के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपने के साथ मीडिया विभाग के कामकाज और प्रक्रिया अपनाने की बात भी की गई. लेकिन इस आदेश को 26 दिसंबर को कांग्रेस के कम्युनिकेशन इंचार्ज अभय तिवारी ने निरस्त कर दिया. आदेश रद्द होने के बाद पार्टी के भीतर असंतोष और बढ़ गया और बाद में मुकेश नायक ने जीतू पटवारी को इस्तीफा भेजा.
बीजेपी ने साधा कांग्रेस पर निशाना
इस मामले में भाजपा प्रवक्ता अजय सिंह यादव का कहना है "कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के इस्तीफे के साथ कांग्रेस की कलह और सिर-फुटौव्वल की स्थिति सामने आ गई है. कांग्रेस पार्टी में वरिष्ठ नेताओं को अपमानित और उपेक्षित करने की परंपरा है. इसी अपमान और उपेक्षा की वजह से मुकेश नायक जैसे वरिष्ठ नेता को इस्तीफा देना पड़ा. कांग्रेस पार्टी में केवल चाटुकारों के लिए जगह है. कांग्रेस पार्टी में अच्छे नेताओं को काम करने की जगह नहीं है."