भोपाल।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज मंगलवार से मंत्रियों की क्लास लेने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के विभागीय कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी है. इसे साफ तौर पर मंत्रियों का परफॉर्मेंस रिव्यू कहा जा रहा है, जिसका असर मंत्रिमंडल पर देखने मिल सकता है. ऐसे में मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिव्यू से पार्टी के नेताओं से लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी अलर्ट मोड पर आ गए हैं.
खराब प्रदर्शन करने वाले मंत्रियों से छिन सकता है विभाग
पिछले कुछ दिनों से मध्य प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में फेरबदल के संकेत मिल रहे हैं. इसी बीच सीएम द्वारा बुलाई गई समीक्षा बैठक से माना जा रहा है कि परफॉर्मेंस के आधार पर कुछ मंत्रियों के विभाग या पद उनसे वापस लिए जा सकते हैं और अन्य नेताओं को नए विभाग दिए जा सकते हैं. मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिव्यू के निर्णय से सरकार और संगठन में हलचल तेज हो गई है. सीएम की इस समीक्षा बैठक में उनके साथ सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद होंगे.
भोपाल के बाद खजुराहो में होगा मंत्रियों का परफॉर्मेंस रिव्यू
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मंत्रियों के विभागों की समीक्षा भोपाल में दो दिनों तक की जाएगी. 2 और 3 दिसंबर के बाद सीएम 8 व 9 दिसंबर को खजुराहो से विभागों की समीक्षा करेंगे. इस दौरान मंत्रियों के साथ विभाग का पूरा रिपोर्ट कार्ड तैयार किया जाएगा कि किस मंत्री ने कितना और कैसा काम किया.
सीएम ने कहा आगे का प्लान बताएं सभी मंत्री
मंत्रियों के परफॉर्मेंस रिव्यू के साथ मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सभी मंत्रियों से उनके विभाग की पूरी प्लानिंग मांगी है. सीएम ने कहा कि वे भविष्य में किए जाने वाले अपने विभाग के सभी विकास कार्यों का प्लान पेश करें. इसके साथ ही पूर्व में किए गए विकास कार्यों में आई समस्याओं के बारे में भी बताएं.
सबसे पहले प्रहलाद पटेल का परफॉर्मेंस रिव्यू
आधिकारिक जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर से मुख्यमंत्री विधानसभा में समीक्षा बैठक की शुरुआत करेंगे. सबसे पहले मोहन यादव दोपहर 2 बजे से 2:30 बजे तक पंचायत व ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के विभाग का रिव्यू करेंगे. इसके बाद 3 बजे से 3:30 बजे तक स्कूल शिक्षा विभाग के मंत्री उदय प्रताप सिंह, 4 बजे से नर्मदा घाटी व जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, शाम 4:30 बजे से ऊर्जा, नवीन और नवकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर व मंत्री राकेश शुक्ला के विभागों की समीक्षा करेंगे.