पन्ना। 
गुना में बुधवार को खाद की लाइन में लगी हुई महिला की मौत के मामले में गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने विधानसभा सत्र के दौरान कहा कि ये सवाल आप कलेक्टर और कृषि मंत्री से पूछो। आप हमसे नई बात निकलवाना चाहते हो। बता दें कि बमोरी इलाके के बागेरी खाद वितरण केंद्र पर बुधवार रात कुशेपुर की रहने वाली भुरिया बाई (58) की खाद की लाइन में अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। इसे पहले बमोरी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गुना रेफर कर दिया गया था। गुना में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। गुरुवार को सूचना मिलते ही कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल कुशेपुर पहुंचे थे। उन्होंने बताया था कि महिला की तबीयत पहले से खराब थी। उसे शुगर थी, जिसका उसे पता नहीं था। बमोरी ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर ने बताया था कि उसकी शुगर 450 पहुंच गई थी, जिस कारण उसकी मौत हुई। इस मामले के सामने आने के बाद से ही खाद वितरण में अव्यवस्था की बात सामने आने लगी थी। शनिवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया कुशेपुर गांव पहुंचे। यहां उन्होंने मृत महिला के परिवार वालों से मुलाकात की। साथ ही दो लाख की आर्थिक सहायता परिवार को दी। इसके अलावा महिला का मृत्यु प्रमाण पत्र भी परिवार को वहीं उपलब्ध कराया।