नर्मदापुरम। 
नर्मदापुरम क्षेत्र के माखन नगर थाना प्रभारी मदन पवार का सोमवार को एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वे दो बदमाशों की हथेलियों और तलुओं पर बेल्ट मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। घटनाक्रम 25 अक्टूबर का बताया जा रहा है। दोनों वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि थाना प्रभारी मदन पवार ने एक-एक कर दोनों आरोपियों की पिटाई की। सूत्रों के अनुसार, थाने में मौजूद किसी पुलिसकर्मी ने यह वीडियो छिपकर बनाया था।
पैर पर जूते रखकर बेल्ट से पीटा
पहले वीडियो में थाना प्रभारी एक आरोपी को जमीन पर बैठाकर उसके पैर पर जूते रखते हैं और फिर तलुओं पर बेल्ट से लगातार प्रहार करते हैं। दूसरे वीडियो में आरोपी के बाल पकड़कर बेल्ट और मुक्कों से पीटा जा रहा है। जानकारी के अनुसार, पिटाई झेल रहा आरोपी समीर खान विकलांग है।
टीआई बोले- बदमाशों को समझाने के लिए की सख्ती
वीडियो सामने आने के बाद थाना प्रभारी मदन पवार ने कहा, दोनों बदमाश समीर खान उर्फ पिद्दा और विष्णु कहार क्षेत्र के शातिर अपराधी हैं। उन्होंने राजोन गांव के सरपंच को हत्या की धमकी दी थी और जीतू कीर के घर पहुंचकर हमला करने की कोशिश की थी। समाज में गालियां देने और उपद्रव करने के कारण उन्हें समझाने के लिए सख्ती बरती गई थी।
थाने में मंगवाई माफी, कैमरे पर बुलवाई बात
तीसरे वीडियो में एक व्यक्ति दोनों आरोपियों से कैमरे पर माफी मंगवाते हुए दिख रहा है। उन्हें यह कहते सुना जा सकता है “जीतू भैया, गोलू भैया, आज के बाद आपसे कोई बात नहीं करूंगा।” सूत्रों के मुताबिक, यह वीडियो थाना प्रभारी ने दूसरे पक्ष के युवकों के सामने बनवाया। इससे थाना प्रभारी की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
जांच की मांग, वरिष्ठ अधिकारी मौन
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, मामले को लेकर जांच की मांग उठ रही है।