भोपाल। 
एमपी में शुरू हुई एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) की कार्यवाही की मॉनिटरिंग के लिए कांग्रेस अलर्ट है। बिहार में मतदाता सूची के लिए हुए एसआईआर पर चुनाव आयोग पर वोट चोरी का आरोप लगा चुकी कांग्रेस ने अब एमपी में आयोग की पूरी कार्यवाही का मॉनिटरिंग के लिए 8 सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। पूर्व मंंत्री सज्जन सिंह वर्मा को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया है। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने गठित कमेटी से कहा है कि पूरे एसआईआर कार्यक्रम की प्रभावी मॉनिटरिंग के साथ इसमें कोआर्डिनेशन का काम भी कमेटी में शामिल सदस्य और पार्टी नेता करेंगे।
धनोपिया को चुनाव आयोग से संबंधित मामलों के प्रदेश प्रभारी
कांग्रेस ने जेपी धनोपिया को चुनाव आयोग से संबंधित मामलों के लिए प्रदेश प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप रखी है और वे पिछले दिनों मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा बुलाई गई स्टैडिंग कमेटी की मीटिंग में एसआईआर को लेकर चुनाव आयोग द्वारा तय टाइम और अन्य व्यवस्थाओं पर सवाल उठा चुके हैं।
7 फरवरी 2026 तक चलेगी प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी झा ने बताया कि एसआईआर की प्रक्रिया 8 फरवरी 2026 तक चलेगी। 3 नवंबर तक बीएलओ को ट्रेनिंग दी जाएगी। 4 नवंबर से 4 दिसंबर तक बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर सर्वे किया जाएगा। 9 दिसंबर को मतदाता सूची के प्रारूप का प्रकाशन किया जाएगा।  दिसंबर से 8 जनवरी 2026 तक दावा आपत्तियों के आवेदन लिए जाएंगे। 9 दिसंबर से 31 जनवरी 2026 तक दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद 7 फरवरी 2026 को फाइनल मतदाता सूची का प्रकाशन होगा।