भोपाल। 
एमपी का परिवहन विभाग एक बार फिर चर्चा में है। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने परिवहन मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के स्टाफ में पदस्थ वीरेन्द्र तिवारी पर निशाना साधा है। नेता प्रतिपक्ष ने X पर मंत्री के स्टाफ में पदस्थ वीरेन्द्र तिवारी और रिटायर्ड आरटीआई बघेल की फोटो शेयर की है।
परिवहन विभाग में लिखी जा रही घोटाले की नई पटकथा
उमंग सिंघार ने आगे लिखा- मध्यप्रदेश परिवहन विभाग का नया सौरभ शर्मा। मध्यप्रदेश के परिवहन विभाग में एक और पोस्टिंग और वसूली घोटाले की पटकथा लिखी जा रही है।
रिटायर्ड आरटीआई नाकों से वसूली का जाल बिछा रहा
नेता प्रतिपक्ष ने आगे लिखा- बघेल नाम का एक रिटायर्ड आरटीआई पूरे प्रदेश में पोस्टिंग के नाम पर बोली और नाकों की वसूली का जाल बिछा रहा है और सरकार खामोश है। भ्रष्टाचार की सड़क पर तेज रफ़्तार से दौड़ रहा है परिवहन विभाग। लगता है, अब भ्रष्टाचार परिवहन विभाग की कार्य संस्कृति बन चुका है, जहां योग्यता नहीं, जेब की गहराई तय करती है पोस्टिंग।
मंत्री के स्टाफ में वीरेन्द्र तिवारी की आधिकारिक पोस्टिंग नहीं
सिंघार ने लिखा- अब परिवहन विभाग में फिर एक नया सौरभ शर्मा जन्म ले चुका है। बताया जा रहा है कि इस खेल में मंत्री के स्टाफ वीरेंद्र तिवारी, जिसकी कोई आधिकारिक पदस्थापना तक नहीं है, सीधी संलिप्तता है। दोनों मिलकर पोस्टिंग और वसूली का कारोबार चला रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है।