उज्जैन। 
उज्जैन के उत्तर विधानसभा से 6 बार के विधायक और पूर्व मंत्री रहे पारस जैन ने अब कोई चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है। उन्होंने कहा- अब न चुनाव लड़ने लायक समय बचा है, न वैसे लोग। साथ ही पार्टी नेतृत्व को नसीहत दी कि वरिष्ठ और जमीनी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना चाहिए। वरिष्ठ नेता जैन साल 1990 से 2018 तक 6 बार बीजेपी के टिकट से चुनाव लड़कर विधायक और कई विभागों के मंत्री रह चुके हैं।
साल 2023 में पार्टी ने टिकट काटा था
उज्जैन उत्तर विधानसभा सीट से 1990, 1993 और फिर 2003 से लगातार 2013 तक जीत दर्ज कर चुके पारस जैन ने प्रदेश सरकार में वन, स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण जैसे विभागों में मंत्री के रूप में कार्य किया। 2013 में वे स्कूल शिक्षा विभाग के कैबिनेट मंत्री बने और 2016 के फेरबदल में उन्हें ऊर्जा मंत्रालय का दायित्व मिला। 2023 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उनका टिकट काटकर अनिल जैन कालूहेड़ा को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। जिसके बाद से वे किसी बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम में नजर नहीं आए। अब उन्होंने राजनीति से दूरी बनाते हुए साफ कहा है कि वे भविष्य में कभी भी चुनाव नहीं लड़ेंगे।