भोपाल। 
भोपाल में चार डॉक्टरों का नशे में धुत होकर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के इमरजेंसी गेट के सामने हंगामा करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में डॉक्टर गाड़ी की छत पर रखकर बीयर पीते और पुलिस से बदसलूकी करते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस टीम ने जब उन्हें रोका तो उन्होंने खुद को एम्स का डॉक्टर बताते हुए उलटा पुलिस कर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया।
नशे में धुत दिखे डॉक्टर
पहला वीडियो मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात 2 बजे का बताया जा रहा है। इसमें एम्स के मुख्य गेट के सामने खड़ी बलेनो कार (MP30C8190) की छत पर बोतल रखकर एक युवक बीयर पीते नजर आ रहा है। वहीं, दो अन्य युवक कार के अंदर नशे में पड़े दिख रहे हैं। सीटों पर बीयर की खाली बोतलें और स्नैक्स के पैकेट बिखरे हुए हैं।
पुलिसकर्मी से बदतमीजी और गाली-गलौज
दूसरे वीडियो में चौथा डॉक्टर भी सामने आता है, जो नशे में धुत होकर हाईवोल्टेज ड्रामा करता दिखा। वह मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी से बदतमीजी और गाली-गलौज करता है। यहां तक कि पुलिसकर्मी को धमकाते हुए कहता है कि मैं 2016 से यहां हूं, 10 थानों के अफसरों को जानता हूं, तुम कौन हो?
प्रबंधन ने गठित की जांच समिति
एम्स प्रशासन को बुधवार सुबह करीब 11 बजे इस मामले की जानकारी मिली। इसके तुरंत बाद प्रबंधन ने जांच समिति गठित कर दी है। प्रशासन के अनुसार, फिलहाल यह जांच की जा रही है कि वीडियो में दिख रहे लोग वाकई एम्स से जुड़े हैं या नहीं।उनकी पहचान और विभाग की पुष्टि के बाद आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। एम्स के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि संस्थान की साख से जुड़ा यह गंभीर मामला है। जांच जारी है और जल्द सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सभी एम्स सीनियर रेजिडेंट के पद पर
एम्स के सिक्योरिटी सुपरवाइजर एसएन राय के अनुसार यह घटना रात 2 बजे के करीब की है। पुलिस ने इन सभी को रात में एम्स के गार्ड के हवाले कर दिया था। यह पूरी घटना गेट के बाहर हुई, इसलिए हमारी सिक्योरिटी इसमें इन्वॉल्व नहीं हैं। यह सभी सीनियर रेजिडेंट हैं।

युवकों की कर रहे पहचान
मामले में बागसेवनिया थाने के टीआई अमित सोनी का कहना है कि अभी इन चारों की जानकारी जुटाई जा रही है। एम्स को इस मामले की सूचना दी गई है। इनकी जानकारी मिलने के बाद, आगे की कार्रवाई की जाएगी।