रीवा। 
मेरे पास उन पुलिसकर्मियों की सूची है, जो तालाब को गंदा करने वाली मछलियों की तरह हैं। अगर यह सूची सार्वजनिक की गई तो उनके परिवारों को भी लज्जित होना पड़ेगा। पुलिसकर्मियों के ये फटकार रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत ने सोमवार को रीवा में नशे के खिलाफ शुरू हुए 'ऑपरेशन प्रहार 2' के दौरान लगाई। आईजी ने नशीली सिरप के अवैध कारोबार में पुलिसकर्मियों और थाना प्रभारियों की संलिप्तता को लेकर उन्हें मंच से कड़ी चेतावनी दी है। आईजी ने कहा- हर जगह कुछ ऐसे लोग होते हैं जो तालाब को गंदा करने का काम करते हैं। पिछले चार महीनों में हमने ऐसे लोगों की सूची तैयार कर ली है। मैं नहीं चाहता कि मैं उस सूची में आगे बढूं। उस पर अपनी प्रतिक्रिया दूं, जिससे आपको शर्मिंदा होना पड़े।
हर जगह नशीले सिरप की शीशियां पड़ी हैं
आईजी गौरव राजपूत ने स्पष्ट कहा कि यह संभव नहीं है कि हर जगह नशीली सिरप की शीशियां पड़ी हैं और थाना प्रभारियों को इसकी जानकारी न हो।
कहा- सुधर जाएं, वर्ना अपने हश्र के जिम्मेदार खुद होंगे
आईजी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग इस तरह की गतिविधियों में लिप्त हैं, वो समय रहते सुधर जाएं। नहीं तो इस अभियान के शुरू होने के 15 दिन बाद वो अपने हश्र के जवाबदार खुद होंगे। ऐसे लोगों का जो होगा सो होगा, लेकिन मुझे बड़ा दुख होगा कि उन्हें लज्जा का हार पहनकर समाज के पास जाना पड़ेगा।
हर गली-मोहल्ले में शीशियां, थानेदार अनजान कैसे?
आईजी राजपूत ने कहा- हम गांव-गांव, गली-गली और मोहल्ले-मोहल्ले तक इस नशीली कफ सिरप की चपेट में आ चुके हैं। इस विकरालता को समझिए और अपनी रिस्पांसबिलिटी का अहसास कीजिए।