डिंडौरी।
सड़क हादसे में घायल व्यक्ति को तड़पते देखकर कलेक्टर मैडम ने अपनी गाड़ी रुकवा दी है। इसके बाद उन्होंने अपनी गाड़ी से घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचवाया है। साथ ही वहां पहुंचकर उसके सम्मुचित इलाज के निर्देश डॉक्टरों को दिए हैं। इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर लोग डिंडौरी कलेक्टर की तारीफ कर रहे हैं।
बाइक और बस की हो गई थी भिड़ंत
डिंडौरी-जबलपुर मुख्य मार्ग पर ग्राम अमेरा के पास एक सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल और बस की आमने-सामने भिड़ंत हो गई, जिसमें दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी दौरान कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया शहपुरा के दौरे पर जा रही थीं। रास्ते में जब उन्होंने देखा कि दो युवक सड़क पर घायल अवस्था में तड़प रहे हैं, तो उन्होंने तुरंत वाहन रुकवाया और घटना की गंभीरता को समझा।
अपनी गाड़ी से भिजवाया अस्पताल
वहीं, एंबुलेंस का इंतजार किए बिना अपने शासकीय वाहन से दोनों घायलों को अस्पताल भेजा और स्वयं अस्पताल पहुंचकर जल्द से जल्द इलाज प्रारंभ करने के निर्देश डॉक्टरों को दिए। वहीं, इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई है। एक युवक का इलाज अभी जारी है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार घायलों की पहचान भगत सिंह उइके (23 वर्ष) और भंगू सिंह धुर्वे (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अमेरा से मालपुर की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।