समीक्षा बैठक को लेकर विवाद, कांग्रेस विधायक ने दी सत्याग्रह करने की धमकी
रीवा।
सिमरिया विधानसभा के कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा ने रीवा कलेक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जिला प्रशासन कांग्रेस विधायकों के साथ जानबूझकर पक्षपात कर रहा है। इसी के विरोध में वे जल्द ही कलेक्टर कार्यालय के सामने छह घंटे का सत्याग्रह और भूख हड़ताल करेंगे। अभय मिश्रा ने कलेक्टर को लिखे पत्र में कहा है कि उन्हें बैठकों की जानकारी नहीं दी जाती और उनके विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य ठप कर दिए गए हैं। उनका आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठकों की सूचना सिर्फ बीजेपी सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों को दी जाती है, जबकि कांग्रेस विधायकों को इससे वंचित रखा जाता है। उन्होंने बताया कि हाल ही में भोपाल से एसीएस रश्मि अरुण शमी और इससे पहले जेएन कसोटिया द्वारा की गई समीक्षा बैठक की जानकारी उन्हें नहीं दी गई। मिश्रा का कहना है कि रीवा की महिला कलेक्टर अभी भी पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल के निर्देशों का पालन कर रही हैं और वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार के दिशा-निर्देशों को नजरअंदाज किया जा रहा है। विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला के इशारे पर सिमरिया विधानसभा के विकास कार्य रोके गए हैं। उनका कहना है कि बीजेपी प्रत्याशी की हार का बदला जनता से लिया जा रहा है। मिश्रा ने कहा कि यह केवल सिमरिया तक सीमित मामला नहीं है बल्कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस विधायकों के साथ भेदभाव हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि विपक्ष के नेता ने इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात भी की थी, लेकिन हालात में सुधार नहीं हुआ है। फिलहाल कांग्रेस विधायक अभय मिश्रा के सत्याग्रह की तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया है कि वे भूख हड़ताल और धरना देकर जिला प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराएंगे।

दर्दनाक एक्सीडेंट में नौ की जान गई, तीन घायल
मतदाता सूची में बड़ा ‘क्लीनअप’: 12 राज्यों में 7.2 करोड़ नाम हटे, 2 करोड़ नए जुड़े
हार्दिक के आउट होते ही क्रुणाल का जोश, सोशल मीडिया पर चर्चा