जबलपुर। 
जबलपुर जिले के सिहोरा में मंगलवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर सड़क किनारे बने दुर्गा पंडाल में जा घुसी। पंडाल में भगदड़ मच गई। लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं। सभी को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां से बस ड्राइवर प्रदीप मिश्रा समेत 5 को गंभीर हालत में जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इनमें से तीन को देर रात दो बजे सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल शिफ्ट किया गया।
बाकी 8 को सिहोरा स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। कलेक्टर और एसपी रात में ही मौके पर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।
शराब के नशे में था ड्राइवर
कटनी से जबलपुर जा रही जेके एंड जीटी रोडवेज की बस नंबर एमपी49 पी 0261 का ड्राइवर प्रदीप मिश्रा शराब के नशे में था। नो एंट्री लगी होने के बावजूद वह बस लेकर सिहोरा के अंदर घुसा। डिवाइडर के पास से जबरन निकालते हुए वह बस को भीड़ में ले गया।
पैसेंजर ने जब मना किया तो चालक ने बस की रफ्तार और बढ़ा दी। रास्ते में दो बाइक, एक कार और कुछ लोगों को टक्कर मारते हुए बस पंडाल में जा घुसी।