गिरीश गौतम के बेटे का बीजेपी उपाध्यक्ष बनने से इनकार:प्रदेशाध्यक्ष को भेजा पत्र, कहा- यह जिम्मेदारी किसी दूसरे कार्यकर्ता को दिए जाने की आवश्यकता
मऊगंज।
बीजेपी की जिला कार्यकारिणियों की घोषणा रविवार से शुरू हो गई है। अब तक 4 जिले हरदा, देवास, मऊगंज और सागर ग्रामीण की कार्यकारिणी घोषित की जा चुकी है। मऊगंज में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष बनाए गए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और देवतालाब विधायक गिरीश गौतम के बेटे राहुल गौतम ने पद छोड़ने की पेशकश की है। राहुल गौतम ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा जिला मऊगंज की जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई है। मुझे उपाध्यक्ष का दायित्व दिया गया है। पार्टी ने मुझ पर संगठन की जिम्मेदारियों के निर्वहन कर पाने का विश्वास किया है। इसके लिए आपको, संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, संगठन प्रभारी रणवीर रावत और मऊगंज जिला अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा का हृदय से धन्यवाद करता हूं। इस विश्वास के लिए हमेशा आभारी रहूंगा।
हजारों कार्यकर्ता चुनाव जिताते हैं, मैं उनमें से एक
राहुल ने अपने पत्र में आगे लिखा- हजारों कार्यकर्ता मिलकर संगठन को मजबूती प्रदान करते हैं। विधान सभा में प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित करने के लिए समर्पण भाव से निस्वार्थ कार्य करते हैं। उन्हीं में से एक मैं भी अपने आप को मानता हूं। चूंकि, संगठन में पदों की संख्या निश्चित है इस कारण सभी को अवसर एक साथ मिलना संभव नहीं हो सकता।
किसी और कार्यकर्ता को पद दिया जाए
राहुल गौतम ने आगे लिखा- मैं इसके पहले भी संगठन में जिम्मेदारियों का निर्वहन कर चुका हूं। इस कारण इस जिम्मेदारी को किसी अन्य कार्यकर्ता को दिए जाने की आवश्यकता है। आपसे आग्रह है कि मुझे इस पद के लिए मेरे नियुक्ति आदेश को वापस करते हुए किसी भी अन्य कार्यकर्ता को जिम्मेदारी देने की कृपा करें।

इस्तीफे की अटकलों के बीच Nitish Kumar ने सीएम हाउस खाली करना शुरू किया
अमित शाह का बड़ा बयान, बोले- बंगाल से खत्म होगा ममता का गिरोह