सिवनी । 
मध्यप्रदेश के सिवनी ज़िले से एक दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में सरकारी प्राथमिक स्कूल के हेड टीचर महेश चौधरी मासूम बच्चों को बेरहमी से प्रताड़ित करते नज़र आ रहे हैं. घटना 26 अगस्त की है, जब कुरई ब्लॉक के अर्जीनी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में आरोपी शिक्षक छह साल के दूसरे दर्ज़े के छात्र रवि भलावी का मुंह दबाते नज़र आते हैं. इसके बाद वह उसे ज़बरदस्ती ज़मीन पर लिटाकर उसकी रीढ़ पर डंडा रखकर दबाते हैं. इस यातना से बच्चे की पीठ पर गहरा घाव हो गया.
प्रशासन ने लिया एक्शन
जिला प्रशासन ने वीडियो के आधार पर तीन सदस्यीय जांच समिति बनाई. समिति की रिपोर्ट के बाद जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त अमर सिंह उइके ने महेश चौधरी को निलंबित कर दिया और उन्हें घंसौर खंड शिक्षा कार्यालय से अटैच कर दिया गया है.
पुलिस की कार्रवाई भी हुई
इस बीच पुलिस ने भी कार्रवाई की है. पीड़ित छात्र के पिता विजय भलावी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है. शिक्षक पर धारा 296, 115(2) BNS और एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज हुआ है. पीड़ित बच्चे के इलाज की व्यवस्था जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है.