भोपाल। 
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इशारों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को शराबी कह दिया। वे महिलाओं के शराब पीने वाले जीतू पटवारी के बयान पर बोल रहे थे। सीएम ने कहा कि पता नहीं कहां के आकड़े ले आए। खुद की उतरी नहीं होगी रात की। सीएम के बयान पर पटवारी ने कहा कि मैं इसे पूरी विनम्रता से अस्वीकार करता हूं। सीएम डॉ. मोहन यादव बुधवार को उज्जैन के गोपाल मंदिर के सामने रीगल टॉकीज की जगह बनने वाले कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स और पार्किंग का भूमिपूजन करने पहुंचे थे। यहां उन्होंने जीतू पटवारी के बयान पर कहा- कोई कहता है कि बहनें पैसा मिल गया तो दारू पीती हैं। शर्म आनी चाहिए, डूब मरना चाहिए।सीएम ने कहा- तुम ऐसी बात करते हो। माफी मांगनी चाहिए। प्रदेश की जनता माफ नहीं करेगी। बहन बेटी का अपमान ये प्रदेश सहन करने वाला नहीं है। किसी भी हालत में इस बात को बर्दाश्त नहीं कर सकते। सीएम ने आगे कहा-
पता नहीं कहां के आकड़े ले आए। खुद की उतरी नहीं होगी रात में, पता नही क्या हुआ। किसके लिए कह रहे हैं, भगवान जाने। क्या मालूम क्या चक्कर है। जैसी बुद्धि वैसी बात। अच्छा हुआ दैनिक भास्कर में टेबल छपी है। मैं गारंटी से कह रहा हूं हमारी बहनों का अपमान करने का अधिकार हमारी सरकार और हमारी पार्टी बिल्कुल देने को तैयार नहीं है।
पटवारी बोले- सीएम के बयान को विनम्रता से अस्वीकार करता हूं
सीएम डॉ. मोहन यादव के बयान पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया X पर लिखा- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की मेरे प्रति की गई टिप्पणी उनकी निजी समझ के सरोकारों एवं बौद्धिक स्तर के आकलन से जुड़ी हुई है। मैं पूरी विनम्रता से इसे अस्वीकार करता हूं। आदर्श राजनीति की पहचान है, बहस, संवाद और जनता के मुद्दे सामने लाने की ईमानदारी। न कि बिना प्रमाण के व्यक्तिगत आरोप और अपशब्दों में उलझने की नासमझी।
पटवारी ने कहा कि शराब का 'सरकारी व्यापार' प्रदेश का भविष्य बर्बाद कर रहा है। मेरे बयान में प्रदेश की सामाजिक और आर्थिक बेहतरी के लिए आगाह करने वाली आवाज है। भाजपा सत्ता के समर्थन से फल-फूल-फैल रहे नशे के कारोबार पर लगाम लगाने की है।
पटवारी ने कहा था- एमपी महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं
दरअसल, जीतू पटवारी ने सोमवार को भोपाल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा था, 'मध्यप्रदेश को तमगा मिला है कि महिलाएं सबसे ज्यादा शराब अगर पूरे देश में कहीं पीती हैं तो यहां की पीती हैं। यह समृद्ध मप्र का सपना देखने वाली बीजेपी ने मप्र के हालात कर दिए हैं। देश में शराब की सबसे ज्यादा खपत कहीं है तो मध्यप्रदेश में है।'
पटवारी का यह बयान सामने आने के बाद देशभर में राजनीति बयानबाजी शुरू हो गई। बीजेपी ने इसे लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की मानसिकता बताते हुए पटवारी से माफी की मांग की। वहीं बीजेपी महिला मोर्चा ने जगह-जगह प्रदर्शन किए।
बाद में कहा एक रिपोर्ट के आधार पर दिया था बयान
बयान पर जब ज्यादा बवाल मचा तो जीतू पटवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बताया कि उन्होंने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वे (NFHS) और सरकारी रिपोर्ट्स के हवाले से यह बात कही है।