दरभंगा-सकरी रेलखंड पर ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत
दरभंगा, । दरभंगा-सकरी रेलखंड पर मंगलवार देर शाम ट्रेन की चपेट में आने से करीब 20 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसा दरभंगा और काकरघाटी रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 2/8 से 2/10 के बीच हुआ। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। युवक के दाहिने हाथ पर ‘सुजीत’ नाम लिखा मिला है, लेकिन इसके आधार पर भी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। जानकारी के अनुसार, जयनगर से नई दिल्ली जा रही स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के चालक ने किलोमीटर संख्या 2/10 के पास युवक के ट्रेन की चपेट में आने की सूचना रेलवे कंट्रोल को दी। सूचना मिलते ही दरभंगा आरपीएफ पोस्ट के कमांडर पोखराज मीणा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। आरपीएफ की सूचना पर रेलवे के इंजीनियरिंग विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने रेल पटरी पर पड़े शव को हटाया, जिसके बाद रेल परिचालन बहाल किया गया। हादसे के कारण स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस काकरघाटी रेलवे स्टेशन पर करीब 25 मिनट तक रुकी रही। घटनास्थल होम सिग्नल से बाहर होने के कारण मामले की सूचना विश्वविद्यालय थाना पुलिस को भी दी गई। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
- दाहिने हाथ पर लिखा मिला ‘सुजीत’
पुलिस ने युवक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाई, लेकिन उसके पास से कोई पहचान पत्र या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। युवक ने जींस पैंट और शर्ट पहन रखी थी। जांच के दौरान पुलिस को उसके दाहिने हाथ पर ‘सुजीत’ नाम लिखा मिला। पुलिस इस निशान के आधार पर भी युवक की पहचान करने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है।
- 72 घंटे तक शीतगृह में रखा जाएगा शव
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि शव को पहचान के लिए 72 घंटे तक पोस्टमार्टम भवन के शीतगृह में रखा जाएगा। पुलिस अब युवक की पहचान के साथ यह भी जांच कर रही है कि वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ। आसपास के इलाकों में भी युवक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फूड स्टॉल में आग लगने से जबलपुर स्टेशन पर अफरा-तफरी, पार्सल भी आए चपेट में
वॉयजर-1 ने रचा इतिहास, पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर पहुंचने वाला पहला अंतरिक्ष यान बना
शिवराज सिंह चौहान करेंगे देश की पहली बर्ड फ्लू वैक्सीन का लोकार्पण, 20 नवंबर को कार्यक्रम
10 साल में सबसे खराब फेस्टिव तिमाही, स्मार्टफोन बाजार में सैमसंग का दबदबा कायम