अंबानी के घर के बाहर किसने रखी थी विस्फोटकों से भरी कार? एंटीलिया केस में बड़ा खुलासा
मुंबई. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआइए) ने बांबे हाई कोर्ट को एक महत्वपूर्ण मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे ने वर्ष 2021 में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के बाहर विस्फोटक सामग्री से भरी एक एसयूवी खड़ी की थी। जांच एजेंसी के अनुसार, इस पूरे कृत्य के पीछे वाजे का मुख्य मकसद खुद का नाम चमकाना और हाई-प्रोफाइल मामले को खुद सुलझाने का दिखावा करके मीडिया व महकमे में खुद को एक ‘सुपर कॉप’ के रूप में पेश करना था।
व्यवसायी मनसुख हिरन की हत्या का भी था मामला
एनआइए ने अदालत को यह भी स्पष्ट किया कि उद्योगपति के आवास के बाहर जो एसयूवी खड़ी की गई थी, वह वास्तव में वाजे के व्यवसायी मित्र मनसुख हिरन की ही थी। एजेंसी के मुताबिक, सचिन वाजे ने ही साजिश के तहत मनसुख हिरन की हत्या को अंजाम दिया था। वाजे को इस बात का डर सता रहा था कि हिरन इस पूरी साजिश के मामले में एक ‘कमजोर कड़ी’ साबित हो सकते हैं और जल्द ही उनकी पोल खोल देंगे, इसी वजह से उसने इस भयानक कदम को उठाया।
अदालत ने जमानत पर लगाई रोक बढ़ाई
इस बीच, मामले की गंभीरता को देखते हुए जस्टिस जीएस कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की खंडपीठ ने पिछले सप्ताह एक विशेष अदालत द्वारा सचिन वाजे को दी गई जमानत के खिलाफ लगाई गई अंतरिम रोक के आदेश को आगे भी बढ़ा दिया है। इस सनसनीखेज मामले में केंद्रीय जांच एजेंसी लगातार कड़े साक्ष्यों के आधार पर अपनी पैरवी कर रही है।

वॉयजर-1 ने रचा इतिहास, पृथ्वी से एक प्रकाश-दिवस दूर पहुंचने वाला पहला अंतरिक्ष यान बना
शिवराज सिंह चौहान करेंगे देश की पहली बर्ड फ्लू वैक्सीन का लोकार्पण, 20 नवंबर को कार्यक्रम
10 साल में सबसे खराब फेस्टिव तिमाही, स्मार्टफोन बाजार में सैमसंग का दबदबा कायम
शालीमार-LTT और छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में अतिरिक्त डिब्बे लगाने का फैसला