रतलाम में बड़ा ड्रामा: फ्लैट खाली कराने का विरोध कर रहे पूर्व विधायक पारस सकलेचा बोले- 'आपकी नौकरी खा जाऊंगा'
रतलाम ।
रतलाम के डोसी गांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना की ईडब्ल्यूएस (EWS) मल्टी में रहने वाले 208 परिवारों से फ्लैट खाली कराने की कार्रवाई बुधवार सुबह शुरू हुई। नगर निगम की टीम प्रशासन और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कई परिवारों का सामान बाहर निकालकर मकानों को ताला लगाकर सील किया गया। नगर निगम की टीम ने फ्लैटों से सामान निकालकर लोडिंग वाहनों में रखा। महिलाएं बच्चों के साथ घरों के बाहर बैठकर विरोध करती रहीं। कई रहवासी घरों में ताला लगाकर कलेक्ट्रेट रवाना हुए। कार्रवाई के दौरान रहवासियों के समर्थन में पहुंचे पूर्व विधायक पारस सकलेचा और नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना के बीच तीखी बहसबाजी हुई। विवाद इतना बढ़ा कि सकलेचा ने कमिश्नर से "आपकी नौकरी खा जाऊंगा" तक कह दिया।
सड़क पर लेटे पारस सकलेचा, बोले- "यहीं मर जाऊंगा"
पीएम आवास योजना की ईडब्ल्यूएस मल्टी में 208 परिवारों को खाली कराने की कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेता पारस सकलेचा मौके पर पहुंचे और विरोध किया। सकलेचा ने कार्रवाई रुकवाने की मांग करते हुए लोडिंग वाहन/ऑटो के सामने खड़े होकर उसे रोकने का प्रयास किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बारिश के मौसम में गरीब परिवारों को बेघर करना गलत है। पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने विरोध जारी रखा। पुलिस अधिकारियों से उनकी तीखी बहस हुई। सकलेचा सड़क पर बैठ गए और फिर लेट गए। महिला पुलिस अधिकारी ने उन्हें उठाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कहा, “मैं नहीं उठूंगा।” समर्थकों ने "गरीबों पर अत्याचार बंद करो" और "गरीबों की लड़ाई हम लड़ेंगे" जैसे नारे लगाए। परिसर में काफी देर तक नारेबाजी होती रही। स्थिति बिगड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल और एम्बुलेंस बुला ली गई। लोग घटनाक्रम का मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।
सकलेचा और नगर निगम कमिश्नर के बीच बहसबाजी
पूर्व विधायक पारस सकलेचा व नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना के बीच जमकर बहसबाजी हुई। कमिश्नर ने कहा, "हटाओ इनको।" इस पर पारस सकलेचा भड़क गए। बोले, "किस तरह से बात कर रहे हो।" कमिश्नर ने कहा, "आपको इतनी मोहब्बत है तो आप रुपए जमा कर दो।" इस पर पारस सकलेचा ने कहा, "आपकी नौकरी खा जाऊंगा।"
कांग्रेस पार्षद को हटाया, सकलेचा की तबीयत बिगड़ी
इसी दौरान कांग्रेस पार्षद मोहम्मद सलीम बागवान ने भी विरोध किया। पुलिस ने उन्हें पकड़कर हटा दिया। विरोध जारी रहने पर पुलिस ने पारस सकलेचा को हटाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने जमीन पर बैठकर और लेटकर प्रतिरोध जारी रखा। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। मेडिकल स्टाफ और पुलिसकर्मियों ने उन्हें संभालकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया।
अस्पताल भेजे गए सकलेचा, कार्रवाई जारी रही
एम्बुलेंस में उन्हें स्ट्रेचर पर बैठाकर प्राथमिक चिकित्सा दी गई। मेडिकल स्टाफ और पुलिसकर्मी उनकी निगरानी करते रहे। इसके बाद पारस सकलेचा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। इस दौरान नगर निगम की फ्लैट खाली कराने की कार्रवाई जारी रही, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ता और रहवासी विरोध और नारेबाजी करते रहे।

राशिफल 19 अगस्त 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
हुनर, तकनीक और अपनत्व से पुनर्वासित युवाओं को विकास की नई राह
तसर पालन से बीजापुर के ग्रामीणों की बढ़ेगी आय
किसानों के कल्याण के लिए कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी को बढ़ावा दे रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बहनों के आग्रह पर झूला उत्सव में पहुंचे
प्रधानमंत्री आवास योजना ने भूपेन्द्र कुमार कर्ष के पक्के घर का सपना किया साकार’