खंडवा। 
खंडवा में बुधवार को भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत पदयात्रा निकाली गई। इस दौरान खंडवा जिले के प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की चुनौती पर पलटवार किया। उन्होंने राहुल गांधी की मानसिक स्थिति पर विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि राहुल गांधी के बारे में जब अपन बात करते हैं, तो मैं कहना चाहता हूं कि उनकी बात को गंभीरता से नहीं लेना चाहिए। वह व्यक्ति कब किस प्रकार की बात करेगा, उसके बारे में कहा नहीं जा सकता। मुझे तो लगता है वह मानसिक रूप से विक्षिप्त हो चुका है। साथ ही कहा कि जिस तरह से वह काम कर रहे हैं, SIR (चुनाव आयोग/SIR व्यवस्था) पर सवाल उठाने का वो काम कर रहे हैं। और जिस लोकतंत्र की व्यवस्था से वह चुनकर आए हैं, खुद चुनकर आए हैं, उस पर भी वह बात कर रहे हैं, तो मुझे लगता है कि उनको अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। अनाज मंडी से शुरू हुई पदयात्रा में प्रभारी मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सागर आरतानी सहित भाजपा के कई नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के जरिए भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ राजनीतिक अभियान चलाते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखने का संदेश दिया।
संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर भ्रम फैलाने का आरोप
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों पर संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष चुनाव आयोग, न्यायपालिका और कार्यपालिका जैसी संस्थाओं पर लगातार सवाल उठा रहा है। एसआईआर और चुनावी प्रक्रिया को लेकर भी कांग्रेस भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। भाजपा इस कथित दुष्प्रचार का जवाब जनता के बीच जाकर देगी। मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान जरूरी है, लेकिन कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए इन संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है।
ईवीएम पर कांग्रेस के रवैये को बताया दोहरा चरित्र
राहुल गांधी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दिए जाने के सवाल पर लोधी ने कहा कि राहुल गांधी पहले अपनी राजनीतिक हैसियत स्पष्ट करें। उन्होंने ईवीएम को लेकर कांग्रेस के रवैये पर भी निशाना साधा। लोधी ने कहा कि कांग्रेस चुनाव जीतती है तो ईवीएम सही होती है, लेकिन हारने पर उसी ईवीएम पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने इसे कांग्रेस का दोहरा चरित्र बताया। मंत्री ने दावा किया कि जनता कांग्रेस की इस राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
आपातकाल का जिक्र कर कांग्रेस को घेरा
मंत्री लोधी ने कांग्रेस के शासनकाल में लगाए गए आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि लोकतंत्र की चिंता जताने वाली कांग्रेस का अपना इतिहास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में कई बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया। अब वही पार्टी लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं की दुहाई दे रही है।
पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने की नारेबाजी
खंडवा में निकाली गई पदयात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति जनता का विश्वास बनाए रखना जरूरी है। पदयात्रा के जरिए भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों का जवाब देने और अपने राजनीतिक अभियान को जनता तक पहुंचाने की कोशिश की। इस दौरान राहुल गांधी को लेकर प्रभारी मंत्री की विवादित टिप्पणी भी चर्चा का विषय रही।