इंदौर।
साउथ तोड़ा इलाके में बुधवार सुबह इंदौर नगर निगम की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों और पुलिस-प्रशासन के बीच विवाद की स्थिति बन गई। इसी दौरान कुछ युवकों ने एडिशनल डीसीपी के साथ धक्का-मुक्की कर दी। मामला बिगड़ता देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और चार युवकों को हिरासत में ले लिया। चारों को पूछताछ के लिए रावजी बाजार थाने भेजा गया।
रिमूवल अमला पहुंचा था साउथ तोड़ा
दरअसल, बुधवार सुबह इंदौर नगर निगम का रिमूवल अमला साउथ तोड़ा पहुंचा था। रावला स्थित श्रीगौड़ विद्या मंदिर से जवाहर मार्ग की ओर जाने वाली सड़क के आसपास नाले के किनारे किए गए कब्जों को हटाने के लिए यह कार्रवाई की गई। निगम के साथ राजस्व विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे।
बड़ी संख्या में पहुंच गए लोग
जैसे ही निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू की स्थानीय लोग और बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर पहुंच गईं। लोगों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों से बातचीत करने की कोशिश की। कुछ लोगों का कहना था कि उनके मकान और कारखाने अचानक तोड़े जा रहे हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को नोटिस दिए गए थे।
पुलिस अधिकारी से धक्का-मुक्की
कार्रवाई के दौरान लोगों की भीड़ लगातार बढ़ती गई। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लोगों को कार्रवाई वाले स्थान से पीछे हटाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कुछ युवकों ने एडिशनल डीसीपी को धक्का दे दिया। इंदौर पुलिस अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की होते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवकों को पकड़ लिया। चार युवकों को हिरासत में लेकर रावजी बाजार थाने भेज दिया गया।
दो दिन पहले दिए गए थे नोटिस
प्रशासन के मुताबिक साउथ तोड़ा में की गई कार्रवाई अचानक नहीं थी। संबंधित लोगों को करीब दो दिन पहले नोटिस जारी किए गए थे। अधिकारियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई बार अवैध निर्माण और कब्जे हटाने के लिए नोटिस दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद नाले के किनारे लगातार नए निर्माण और कारखाने बनाए जाते रहे। कार्रवाई के लिए एसडीएम घनश्याम धनगर के साथ कई तहसीलदार, राजस्व विभाग के अधिकारी और नगर निगम के बीओ-बीआई सहित अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे थे।a