• ललकारा तो एक बार लौट गए

  • फिर झुंड बनाकर आए और हमला किया

इंदौर। इंदौर शहर में आवारा कुत्तों के हमले की घटनाएं लगातार हो रही हैं। तीन दिन पहले ही श्रीनगर एक्सटेंशन में सुबह कॉलेज जा रही एक छात्रा पर एक साथ चार कुत्तों ने हमला कर दिया। इस बीच उसकी सहेली ने बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक कुत्तों ने छात्रा को गिराकर उसके पैर को नोंच डाला और काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। ​​​​​​ छात्रा ने पहले तो हिम्मत दिखाते हुए संघर्ष किया और उन्हें भगा दिया, लेकिन कुछ ही सेकेंड बाद कुत्तों का झुंड दोबारा आ गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना शनिवार (12 जुलाई) सुबह 6:30 बजे की है।

छात्रा को चक्कर आए तो वहीं बैठ गई छात्रा कॉलोनी से कॉलेज जा रही थी, तभी दूर से एक साथ चार कुत्ते उसकी ओर लपके। वह संभलती, उससे पहले ही वे उस पर टूट पड़े और उसे गिरा दिया। इस दौरान छात्रा ने संघर्ष किया, लेकिन कुत्तों ने उसके पैरों में काट लिया। आपाधापी के बीच कुत्ते बार-बार भागते और फिर उस पर लपकते रहे। इस दौरान आगे स्कूटी से जा रही उसकी सहेली रुकी, गाड़ी खड़ी की और छात्रा के पास पहुंचकर कुत्तों को भगाया। घायल छात्रा काफी घबरा गई थी और चक्कर आने पर वहीं बैठ गई। रहवासी दंपती विशाल और शैफाली अग्रवाल उसे अपने घर ले गए और उसके पैरों के जख्मों को साफ किया। उन्होंने बताया कि छात्रा सुबह एग्जाम देने जा रही थी, तभी कुत्तों ने उस पर हमला कर दिया। काटने से छात्रा का एक पैर में गहरा जख्म हो गया है। इसके बाद वह अपनी सहेली के साथ इलाज के लिए रवाना हो गई।