21 करोड़ की साइबर ठगी: 2% कमीशन पर अकाउंट किराए पर देता था भाजपा नेता, 20 हजार से ज्यादा खातों में बांटी गई रकम
ग्वालियर।
ग्वालियर के सीए अशोक विजयवर्गीय से 21 करोड़ 5 लाख 92 हजार की साइबर ठगी मामले में रोज नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। राज्य साइबर सेल (ग्वालियर) की जांच में शाजापुर के जिला पंचायत सदस्य और भाजपा नेता जगदीश कुमार मालवीय उर्फ फौजी से जुड़े एक करंट बैंक अकाउंट में देश के अलग-अलग राज्यों में हुई साइबर ठगी के 11 मामलों की रकम के लेन-देन के प्रमाण मिले हैं। आरोपी फिलहाल पुलिस रिमांड पर है। साइबर सेल उससे पूछताछ कर रही है।
एनजीओ का खाता बना ठगी का जरिया
राज्य साइबर सेल के डीएसपी संजीव नयन शर्मा के अनुसार, आरोपी 'सर्वकन्या अनुसूचित जाति-जनजाति संगठन' का अध्यक्ष था। इस पद के जरिए उसकी पहुंच संस्था के करंट अकाउंट और नेट बैंकिंग तक हो गई। आरोपी ने कबूल किया है कि वह ठगी की रकम अपने संस्थागत खाते में मंगवाने के लिए 2 प्रतिशत कमीशन लेता था। नवंबर 2025 से इस खाते में ठगी का पैसा आना शुरू हुआ था। अब तक 11 मामलों में ₹2 से ₹3 करोड़ के लेन-देन का पता चला है। आरोपी के पास से 1 लाख नकद जब्त किए गए हैं।
15 लेयर और 20 हजार से अधिक खातों का जाल
ठगी के इस विशाल नेटवर्क में पुलिस को उलझाने के लिए रुपयों को कई परतों में ट्रांसफर किया गया। कुल 21.05 करोड़ की राशि सबसे पहले चरण में 76 बैंक खातों में भेजी गई थी। आरोपी से जुड़े खाते में पहली लेयर में करीब 77 लाख रुपए पहुंचे। इसके बाद इस रकम को 15 अलग-अलग लेयर्स के जरिए 20 हजार से भी ज्यादा बैंक खातों में बांट दिया गया, ताकि मनी ट्रेल (पैसे का सुराग) छिपाया जा सके।
35% रकम दक्षिण भारत पहुंची, सागर तक जांच की आंच
जांच एजेंसियों के मुताबिक, कुल ठगी की राशि का लगभग 35 प्रतिशत हिस्सा दक्षिण भारत के राज्यों में स्थित बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर साइबर सेल की एक विशेष टीम अन्य संदिग्धों की धरपकड़ के लिए सागर रवाना हुई है।

जापान में 20 साल बाद क्यों तोड़ा जाता है यह मंदिर? वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
टाटा संस को लेकर आरबीआई सख्त, कोर्ट में कैविएट दाखिल कर सुरक्षित किया अपना पक्ष
बिजनौर में खौफनाक कत्ल, पेड़ से लटका मिला पति का शव, पत्नी भी मृत मिली
छत्तीसगढ़ के जंगलों में लौटेगी काले हिरणों की चहलकदमी, 25 हिरण किए जाएंगे शिफ्ट
इमरान खान की सेहत पर अंतरराष्ट्रीय चिंता! सात पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तानों ने लिखी चिट्ठी, जानें क्या है मांग