दिग्विजय सिंह की कभी थीं सियासी विरोधी, अब यात्रा पर बरसाए फूल; ममता मीना के बदले तेवर से चांचौड़ा में हलचल
गुना।
एमपी के चांचौड़ा विधानसभा में इन दिनों बदले हुए राजनीतिक रिश्तों की चर्चा है। कभी बीजेपी में रहते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके राजनीतिक गढ़ राघौगढ़ पर तीखे हमले करने वाली ममता मीना अब उन्हीं की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा के स्वागत में सक्रिय दिखाई दीं। रविवार को यात्रा के चांचौड़ा क्षेत्र में पहुंचने पर उन्होंने समर्थकों के साथ जोरदार स्वागत किया। सड़क पर फूल बिछाए गए और यात्रा के स्वागत में बड़ी संख्या में लोग जुटे। इस घटनाक्रम ने क्षेत्र में नए सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं शुरू कर दी हैं।
कभी बीजेपी में रहकर दिग्विजय को देती थीं चुनौती
चांचौड़ा विधानसभा सीट पर लंबे समय तक कांग्रेस का प्रभाव रहा है। दिग्विजय सिंह भी इस क्षेत्र से विधायक रह चुके हैं। साल 2013 के विधानसभा चुनाव में ममता मीना ने बीजेपी के टिकट पर जीत दर्ज कर कांग्रेस के दबदबे को चुनौती दी थी। विधायक रहते हुए वह कई मौकों पर दिग्विजय सिंह और राघौगढ़ की राजनीति पर हमलावर रही थीं। 2018 के चुनाव में उन्हें कांग्रेस के लक्ष्मण सिंह से हार का सामना करना पड़ा। 2023 में बीजेपी से टिकट नहीं मिलने के बाद ममता मीना ने पार्टी छोड़ दी और आम आदमी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा। इस चुनाव में उन्हें 25 हजार से अधिक वोट मिले थे।
दिग्विजय की यात्रा पर फूलों की बारिश
रविवार को दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा राजगढ़ की ओर से चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र में दाखिल हुई। गैला का पुरा और मुरैली सहित कई स्थानों पर ममता मीना ने अपने समर्थकों के साथ यात्रा का स्वागत किया। स्वागत के लिए रास्ते में कई किलोमीटर तक गेंदे के फूल बिछाए गए। इस दौरान ममता मीना ने बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने चंदा चोरी जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। वहीं, उनके पति और पूर्व IPS अधिकारी रघुवीर सिंह मीना की यात्रा में सक्रिय मौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी रही। बताया गया कि वह यात्रा की शुरुआत उज्जैन से ही दिग्विजय सिंह के साथ चल रहे हैं।

महाराष्ट्र में NCP को लेकर संजय राउत का बड़ा दावा, 20-22 विधायकों के पार्टी छोड़ने की आशंका
कुलगाम में CRPF दल पर अचानक हमला, आतंकियों की गोलीबारी में तीन जवान घायल
स्वच्छता के मामले में मध्यप्रदेश के 9 शहरों का शानदार प्रदर्शन, छत्तीसगढ़ के 3 शहर भी सम्मानित
एमपी में कांग्रेस की चुनावी रणनीति पर दिग्विजय सिंह का बयान, पटवारी-सिंघार के नेतृत्व की बात कही
देश में बेरोजगारी दर घटकर 5.1% पर पहुंची, महिलाओं की कामकाजी भागीदारी में भी इजाफा