कांग्रेस से आए बिट्टू को BJP में मिला बड़ा पद, प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त
चंडीगढ़: पंजाब भाजपा ने अपनी नई संगठनात्मक टीम की घोषणा करते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर अनुभवी नेताओं पर बड़ा दांव खेला है। पार्टी हाईकमान ने तजिंदर सिंह बिट्टू को प्रदेश उपाध्यक्ष की अहम जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक गलियारों में भाजपा के इस कदम को दोआबा और जालंधर क्षेत्र में पार्टी की पकड़ मजबूत करने की एक सटीक और दूरगामी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। कांग्रेस की आतंरिक गुटबाजी का फायदा उठाने के मकसद से भाजपा ने बिट्टू के अनुभव पर भरोसा जताया है, जो विरोधी दल के हर दांव-पेच से भली-भांति वाकिफ हैं।
कांग्रेस में रहा लंबा राजनीतिक सफर और बड़ा कद
भाजपा में शामिल होने से पूर्व तजिंदर सिंह बिट्टू का कांग्रेस में एक लंबा और प्रभावी राजनीतिक सफर रहा है। वे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के बेहद करीबी और भरोसेमंद नेताओं में गिने जाते थे, जिसके चलते उन्हें रायबरेली जैसी महत्वपूर्ण संसदीय सीट के चुनावी प्रबंधन की कमान सौंपी गई थी। वर्ष 2021 में उन्हें हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का सह-प्रभारी बनाया गया था, जहां 2022 के विधानसभा चुनावों में पार्टी की जीत के पीछे उनकी रणनीतिक सोच को बेहद अहम माना गया।
जालंधर और दोआबा क्षेत्र में मजबूत जनाधार
जालंधर के राजिंदर नगर निवासी बिट्टू पहले जालंधर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर रहकर जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2007 में जालंधर सेंट्रल सीट से चुनाव लड़कर शानदार वोट हासिल किए थे, वहीं कैप्टन अमरिंदर सिंह की सरकार के दौरान पनसप के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी प्रशासनिक प्रशासनिक क्षमता का लोहा मनवाया था। जालंधर, कपूरथला और होशियारपुर में एक प्रभावशाली सिख चेहरे और बेहतरीन वक्ता के तौर पर उनकी अच्छी पहचान है।
आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का मास्टरस्ट्रोक
दोआबा क्षेत्र में संगठन विस्तार के लिए भाजपा बिट्टू को एक मजबूत चेहरे के रूप में आगे कर रही है। पार्टी को उम्मीद है कि वे पारंपरिक वोट बैंक से आगे बढ़कर सिख समाज और कांग्रेस के असंतुष्ट नेताओं को भाजपा से जोड़ने में कामयाब होंगे। पंजाब में कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान के बीच भाजपा अपने संगठन को नया आधार देने में जुटी है। आने वाले दिनों में बिट्टू को कार्यकर्ता सम्मेलनों के आयोजन और क्षेत्रीय विस्तार की मुख्य कमान सौंपी जा सकती है, जिसके साथ ही अन्य बड़े नेताओं के भी भाजपा में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

राशिफल 19 अगस्त 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
हुनर, तकनीक और अपनत्व से पुनर्वासित युवाओं को विकास की नई राह
तसर पालन से बीजापुर के ग्रामीणों की बढ़ेगी आय
किसानों के कल्याण के लिए कृषि, पशुपालन और उद्यानिकी को बढ़ावा दे रही सरकार : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बहनों के आग्रह पर झूला उत्सव में पहुंचे
प्रधानमंत्री आवास योजना ने भूपेन्द्र कुमार कर्ष के पक्के घर का सपना किया साकार’