अद्भुत प्रतिभा: जबलपुर का 5 वर्षीय 'गूगल बॉय' अगस्त्य सूद, 1 जनवरी 2000 से 2080 तक की किसी भी तारीख का सेकंडों में बताता है दिन
भोपाल/जबलपुर, सबकी खबर।
विज्ञान की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को सबसे तेज माना जाता है, लेकिन मध्य प्रदेश के जबलपुर में रहने वाले महज 5 साल के एक बच्चे ने एआई को भी अपनी दिमागी रफ्तार से पीछे छोड़ दिया है। यूकेजी (UKG) क्लास में पढ़ने वाले इस 'वंडर किड' का नाम अगस्त्य सूद है। अगस्त्य के पास एक ऐसा गॉड गिफ्टेड टैलेंट है कि आप उसे 1 जनवरी 2000 से लेकर 31 दिसंबर 2080 तक (पूरे 80 साल) की कोई भी तारीख बता दें, वह पलक झपकते ही (सिर्फ 1-2 सेकंड में) यह बता देता है कि उस दिन कौन सा वार (बुधवार, शनिवार या रविवार आदि) था या होगा।
मास्टर अगस्त्य मध्य प्रदेश कैडर के आईएफएस (IFS) ऑफिसर मोहित सूद और पलक तिवारी सूद के बेटे हैं। बुधवार को सबकी खबर के स्टूडियो में जब अगस्त्य का लाइव टेस्ट लिया गया, तो वहां मौजूद वरिष्ठ पत्रकारों और पूरे स्टाफ के होश उड़ गए।
जब स्टूडियो में खुला 'जादुई' दिमाग का राज
स्टूडियो टेस्ट के दौरान जब अगस्त से अलग-अलग दशक की तारीखें पूछी गईं, तो उसके जवाब हैरान करने वाले थे:
- 2 फरवरी 2002 पूछने पर तुरंत जवाब आया- सैटरडे (शनिवार)।
- 26 मई 2035 पूछने पर उसने बिना सोचे कहा- सैटरडे (शनिवार)।
- 25 मई 2020 का जवाब दिया- मंडे (सोमवार)।
जब इन सभी जवाबों को गूगल और अन्य लाइव सोर्सेज पर क्रॉस-चेक किया गया, तो अगस्त्य का एक-एक जवाब 100% सटीक निकला।
'जेमिनाई AI' ने बोला झूठ, 5 साल के बच्चे ने सुधारी गलती!
इस टैलेंट के बीच सबसे बड़ा और चौंकाने वाला वाकया तब सामने आया जब लीप ईयर (Leap Year) और 'सेंचुरी ईयर' (शताब्दी वर्ष) के गणित पर बात हुई। सामान्य तौर पर लोग जानते हैं कि हर 4 साल में लीप ईयर आता है। नियम के मुताबिक वर्ष 2096 के बाद अगला लीप ईयर 2100 में आना चाहिए।
जब इस बारे में गूगल के जेमिनाई एआई (Gemini AI) से पूछा गया, तो उसने गलत गणना करते हुए 2100 को लीप ईयर बता दिया। लेकिन 5 साल के अगस्त्य ने तुरंत टोकते हुए कहा कि "एआई ने झूठ बोला है, सेंचुरी ईयर होने के कारण 2100 में लीप ईयर नहीं होगा, बल्कि सीधे 2104 में (यानी 8 साल के अंतर पर) लीप ईयर आएगा।" बाद में जब दूसरे प्रामाणिक एआई टूल्स (जैसे क्लॉड) और बड़े गणितीय कैलेंडर्स पर चेक किया गया, तो जेमिनाई गलत और 5 साल का अगस्त्य बिल्कुल सही साबित हुआ।
ढाई साल की उम्र से ही था कैलेंडर्स से प्यार
अगस्त की मां पलक तिवारी सूद ने बताया कि जब अगस्त महज ढाई साल का था, तभी से वह घर के सारे कैलेंडर बटोर लेता था। वह सफेद कागजों पर खुद अपने हाथों से कैलेंडर ड्रा करने की कोशिश करता था। अभी कुछ दिन पहले उसने अचानक अपनी मां से कहा कि 'मुझसे 100 साल के भीतर की कोई भी तारीख पूछो, मैं दिन बताऊंगा।'
पूछने पर कि इस गणना के पीछे कौन सा सीक्रेट फॉर्मूला है?
नन्हे अगस्त ने बड़ी मासूमियत और हाजिरजवाबी से कहा— "मैं नहीं बताने वाला बिल्कुल... यह मेरा सीक्रेट है। अगर सबको बता दूंगा तो मेरा मन क्यों करे, सबको पता चल जाएगा।" हालांकि, उसकी मां के मुताबिक, अगस्त्य अपनी उंगलियों पर बहुत तेजी से कुछ कैलकुलेट करता है, लेकिन अब उसकी प्रैक्टिस इतनी ज्यादा हो चुकी है कि उसे उंगलियां चलाने की भी जरूरत नहीं पड़ती।
आधुनिक दौर का 'अभिमन्यु'
इतनी छोटी सी उम्र में बिना किसी कंप्यूटर या ट्रेनिंग के पूरे 80 से 100 साल का कैलेंडर जुबानी याद रख लेना किसी चमत्कार से कम नहीं है। सोशल मीडिया पर लोग अगस्त्य की तुलना आधुनिक दौर के 'अभिमन्यु' से कर रहे हैं, जो मां के पेट से ही कुछ असाधारण सीखकर आया हो। फिलहाल, जबलपुर का यह नन्हा वैज्ञानिक अपनी तोतली आवाज और कंप्यूटर से तेज दिमाग की वजह से टॉक ऑफ द टाउन बना हुआ है।

भोपाल में ‘सदानीरा समागम’ की शुरुआत, 2 जून तक चलेगा सांस्कृतिक आयोजन
ट्रंप फैक्टर का असर? QUAD की एकजुटता पर उठने लगे सवाल
गोलीबारी में एक की जान गई, दूसरे की हालत नाजुक, आरोपी फरार
TMC को बड़ा झटका! सांसद काकोली घोष दस्तिदार का सभी पदों से इस्तीफा
प्लॉट नंबर 68 पर बढ़ा विवाद, प्रॉपर्टी डील में धोखाधड़ी के आरोप