कांग्रेसी नेता ने 2 लाख के बदले महिला को 2 साल तक बनाया शिकार, बड़वानी में पकड़ाया ब्लैकमेलिंग और शोषण का बड़ा रैकेट
बड़वानी।
जिले से एक सनसनीखेज खुलासा हुआ है। दो वर्षों तक 40 वर्षीय महिला का शोषण और ब्लैकमेल करने वाले कांग्रेस नेता बिजनेसमैन मनीष गोयल और उसका साथी भगवान सोलंकी पुलिस के हत्थे चढ़ गए हैं। पुलिस अब इस पूरे काले खेल में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमार कार्रवाई कर रही है। अंजड़ थाना प्रभारी आरआर चौहान ने बताया कि मनीष गोयल और भगवान सोलंकी दोनों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से गोयल को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। उससे पूछताछ में कई लोगों के नाम सामने आने की संभावना है।
कांग्रेस ने पल्ला झाड़ा
मामला सामने आते ही कांग्रेस ने भी पल्ला झाड़ लिया है। पानसेमल ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रहे मनीष गोयल को पद से तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नानेश चौधरी ने पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी ने गोयल से तुरंत इस्तीफा ले लिया है। शिकायत के अनुसार, पीड़िता के पति ने दो साल पहले गोयल से बिज़नेस के लिए 2 लाख रुपये उधार लिए थे। इसी कर्ज को चुकाने के बहाने गोयल ने महिला से संपर्क बढ़ाया।
जबरन संबंध बनाए
पहले गोयल ने महिला का भरोसा जीता और फिर मानसिक दबाव बनाते हुए उसे अंजड़ स्थित अपने घर बुलाया। जहां उसने कथित तौर पर पहली बार महिला से जबरन शारीरिक संबंध बनाए। सामाजिक बदनामी और आर्थिक मजबूरी ने पीड़िता को चुप रहने पर मजबूर कर दिया, जिसका गोयल ने जमकर फायदा उठाया। इसके बाद कहानी और खतरनाक मोड़ लेती गई।
खतरनाक है धांधली की कहानी
पीड़िता के मुताबिक, गोयल उसे इंदौर ले गया, जहां उसने न सिर्फ उसका यौन शोषण किया बल्कि वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिए। उसने उसे मोबाइल फोन गिफ्ट कर एक ऐप के ज़रिए उसके फोन पर पूरा कंट्रोल हासिल कर लिया। यहीं नहीं, गोयल के साथी सतवंत गुरचा, यूनुस खान और भगवान सोलंकी ने भी महिला का शोषण किया। गोयल ने पीड़िता को दूसरे पुरुषों को इंदौर बुलाने के लिए मजबूर किया। वह उनके साथ कॉम्प्रोमाइजिंग पोजिशन में वीडियो बनाकर मोटी रकम की उगाही करता था। सतवंत और यूनुस नकली पुलिस अधिकारी बनकर उन लोगों को डराते और महिला के नाम पर बड़े पैमाने पर ब्लैकमेलिंग करते थे।
विरोध पर घर पहुंचा
जब पीड़िता को पता चला कि मनीष गोयल एक ऑर्गेनाइज्ड सेक्स रैकेट चला रहा है और वह इसका हिस्सा बना दी गई है। तब उसने विरोध किया। इसके बाद गोयल उसके घर जा पहुंचा। उसने उसके पति को अश्लील वीडियो दिखाए, मारपीट की और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जांच में खुलासा हुआ कि गोयल ने महिला के नाम पर अंजड़ में फर्जी करंट अकाउंट खोलकर बड़े वित्तीय लेनदेन भी किए थे।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
आख़िरकार हिम्मत जुटाकर महिला ने पुलिस का दरवाज़ा खटखटाया। पुलिस ने गोयल और सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया है और अब पूरे रैकेट की जड़ें खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि यह सिर्फ शुरुआत है, पुलिस टीमें भेजी गई है, जिससे गिरोह के और सदस्य जल्द पकड़ में आ सकते हैं।

विशेष सत्र में हंगामा, कांग्रेस ने मनरेगा नाम परिवर्तन को लेकर जताया विरोध
काव्या मारन का सुपरहिट निवेश, 13 करोड़ में खरीदे खिलाड़ी ने किया कमाल
बैंक कर्मचारियों की समझदारी से बची 2 करोड़ की FD, ठगों का जाल टूटा
Year Ender 2025: टैक्स की मार या UPI का नया अवतार? उन 10 बड़े बदलावों की लिस्ट जिसने साल भर आपकी जेब पर डाला सीधा असर
रुपया की जबरदस्त मजबूती, RBI के मास्टरस्ट्रोक से डॉलर की दीवार ढही