अशोकनगर में खाद के लिए लाइन में लगे किसानों ने की पत्थरबाजी, कई कर्मचारी घायल, एक किसान भी बेहोश
अशोकनगर।
जिले में लगातार डीएपी खाद की किल्लत बनी हुई है। ऐसे में डीएपी खाद के टोकन वितरण के दौरान किसानों का सब्र टूट गया। किसानों की भीड़ में एमपी स्टेट एग्रो वेयर हाउस के दफ्तर पर हंगामा करते हुए पथराव कर दिया। पथराव में कई कर्मचारी घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस और अधिकारियों ने किसानों को खाली मैदान में ले जाकर टोकन वितरण की व्यवस्था बनाई लेकिन वहां भी किसानों की धक्का-मुक्की में किसान कर्मचारियों के हाथ से कटा छीन कर ही भाग गए।
किसानों ने किया हंगामा
मामला मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले का है, जहां सोमवार को पूर्ण कृषि मंडी परिसर में स्थित एमपी स्टेट एग्रो के दफ्तर पर डीएपी खाद के लिए टोकन वितरण के दौरान किसानों ने हंगामा किया। साथ ही दफ्तर पर पथराव कर दिया। इससे नाराज किसानों ने विदिशा बाईपास पर चक्का जाम भी किया। इसके बाद टोकन वितरण केंद्र पर अफरातफरी मच गई। आनन फानन में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस ने किसानों की भीड़ को खाली मैदान में ले जाकर टोकन वितरण शुरू करवाया। इस बीच किसानों ने टोकन वितरण में गड़बड़ी और देरी का आरोप लगाया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया।
दफ्तर की खिड़कियों के साथ गेट भी तोड़ा
इस बीच स्थिति बिगड़ने पर कुछ उपद्रवी तत्वों ने पथराव कर दिया, जिससे केंद्र के कई कर्मचारी घायल हो गए। इस दौरान कार्यालय में तोड़फोड़ भी की गई। इस दौरान वेयरहाउस के मैनेजर रणजीत तिवारी ने बताया कि सुबह के वक्त किसानों की भारी भीड़ खाद की टोकन के लिए आई थी, जिनमें कुछ किसानों ने उपद्रव मचाया और दफ्तर पर पथराव कर दिया। टोकन वितरण कर रहे कुछ कर्मचारियों को पत्थर लगे हैं।
स्थान बदलने पर विवाद
किसानों का आरोप है कि वह रात भर से मंडी में पड़े हैं और सुबह से टोकन के लिए लाइन में हैं। कहीं टोकन वितरण शुरू कर रहे और कहीं बंद कर रहे हैं। कभी कह रहे हैं कि वितरण नहीं होगा। अब दूसरे स्थान से टोकन वितरण करेंगे। इसी बात से किसान नाराज हो गए और हंगामा कर दिया।
मैदान में टोकन वितरण धक्का-मुक्की में किसान बेहोश
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रण में लिया। बाद में पुलिस ने किसानों को समझाइश देकर पास के खाली मैदान में टोकन वितरण की व्यवस्था की। हालांकि वहां भी भगदड़ जैसी स्थिति बन गई और कई किसान कर्मचारियों के हाथ से टोकन छीनकर भाग निकले। इसी दौरान भीड़ में दबा किसान बेहोश हो गया। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

राशिफल: जानिए, कैसा रहेगा आपका आज का दिन (16 नवंबर 2025)
पति पत्नी और पंगा’ ग्रैंड फिनाले: किस जोड़ी के सिर सजेगा ताज?